Sonbhadra News: सोनभद्र में हाईस्कूल रिजल्ट के बाद छात्रों में विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाईस्कूल का रिजल्ट आते ही एक बड़ा हंगामा देखने को मिला। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 April 2025, 3:07 PM IST

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाईस्कूल का रिजल्ट आते ही एक बड़ा हंगामा देखने को मिला। चोपन थाना क्षेत्र के हाइडल कॉलोनी स्थित काशीराम आवास में दो छात्राओं के बीच अंकों को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची।

दोनों पक्षों के परिवारों के बीच हाथापाई

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,   मिली जानकारी के अनुसार,हाईस्कूल का परिणाम घोषित होने के बाद एक छात्रा ने अपनी सहपाठी को मजाक में कहा कि वह फेल हो गई है। इसी बात पर दूसरी छात्रा की बहन को गुस्सा आ गया और कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के परिवारों के बीच हाथापाई हो गई।

पूरा परिवार आकर मारपीट करने लगा

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  घटना में घायल छात्रा अंजू ने बताया कि रिजल्ट में उसके अंक अधिक थे जबकि दूसरी छात्रा के अपेक्षाकृत कम। जब यह मजाक में कहा गया कि "तुम फेल हो गई हो", तो दूसरी छात्रा की बहन ने इसे गंभीरता से लेते हुए अपने घरवालों को सूचना दी। कुछ देर में दूसरी ओर का पूरा परिवार आकर मारपीट करने लगा।

घायल छात्रा की मां ने भी लगाया आरोप 

घायल छात्रा की मां ने भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पर उन्हें भी पीटा गया और पत्थर से हमला कर घायल कर दिया गया। सभी घायलों का प्राथमिक इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में कराया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  मौके पर पहुंचे चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों को उपचार दे दिया गया है और उनकी हालत स्थिर है। वहीं, स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

तहरीर मिलने पर होगी विधिक कार्रवाई

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक,  इस मामले में सीओ सिटी ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि दो छात्राओं के बीच मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा परिजनों तक जा पहुंचा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस सतर्क निगरानी बनाए हुए है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  26 April 2025, 3:07 PM IST