घटना स्थल पर जांच करती पुलिस
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमिया गांव के पास बह रही सोन नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना शुक्रवार सुबह की है, जब स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में तैरते हुए एक शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सूचना मिलते ही जुगैल थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। शव की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वह दो-तीन दिन पुराना हो सकता है। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कोई दुर्घटना है, आत्महत्या, या फिर हत्या।
पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की छानबीन की जा रही है। साथ ही, मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।
जुगैल थाना सोनभद्र
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत एकत्र किए हैं और पानी में शव के बहाव की दिशा व अन्य परिस्थितियों का भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों का मानना है कि शव कहीं और से बहकर यहां पहुंचा हो सकता है या फिर यहीं पर किसी वारदात को अंजाम दिया गया हो।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है। सेमिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यह हत्या का मामला भी हो सकता है, हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जुगैल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कोई भी संभावना नजरअंदाज नहीं की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का परिवार में सदस्य लापता है या इस व्यक्ति की पहचान कर सकता है तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इससे न सिर्फ मृतक की पहचान हो सकेगी, बल्कि मौत के कारणों का भी जल्द खुलासा किया जा सकेगा।
Location : Sonbhadra
Published : 6 June 2025, 3:31 PM IST
Topics : Dead body found in Son river Forensic team investigation Semiya village Sonbhadra UP News क्राइम