दो दिन की राहत के बाद फिर आफत! यूपी के 11 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, कहीं आपका जिला तो नहीं?

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो रहा है। 13 अगस्त को करीब 50 जिलों में बारिश का अनुमान है, जबकि गोरखपुर समेत 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। कई जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी है। 14 अगस्त से पश्चिमी यूपी में भी बारिश बढ़ सकती है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 August 2026, 7:38 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों में बारिश की रफ्तार कुछ कम हुई थी, लेकिन अब मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 13 अगस्त को प्रदेश के करीब 50 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं 11 जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

पूर्वांचल में तेज होगी मानसूनी गतिविधि

मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त को पूर्वांचल के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में भी कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान है। 14 अगस्त से मध्यवर्ती और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

इन 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

आज गोरखपुर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भी बारिश और वज्रपात का खतरा

बस्ती, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी और मीरजापुर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी और संत रविदास नगर में एक-दो स्थानों पर बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

चंदौली में आधी रात चली गोलियां, इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

पश्चिमी यूपी में उमस और गर्मी बढ़ेगी

नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के इलाकों में मौसम आज अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। यहां तेज धूप के कारण उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 4 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि आगरा में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

Sultanpur: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से कर्मचारी की मौत

14 अगस्त से फिर बढ़ सकता है बारिश का दायरा

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 14 अगस्त से प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में भी मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

Location :  Lucknow

Published :  13 August 2026, 7:37 AM IST