सिसवा में सरकारी योजनाओं पर हुआ महामंथन, नियमित रूप से संवाद कार्यक्रम कराने का सुझाव

महराजगंज के सिसवा नगर स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी की तकनीकी जानकारियों, ई-इनवॉइसिंग और सरकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। व्यापारियों ने टोल शुल्क में छूट, ब्याज दर में कमी और कैशलेस इलाज जैसी प्रमुख मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 June 2026, 4:21 PM IST

Maharajganj : जनपद के सिसवा नगर स्थित एक मैरेज हाल में मंगलवार को व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जीएसटी करदाताओं को जीएसटी पोर्टल की तकनीकी प्रक्रियाओं, ई-इनवॉइसिंग, सुगम रिटर्न फाइलिंग, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) तथा नियम 14ए के नवीन प्रावधानों की जानकारी देना था। साथ ही व्यापारियों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया गया।

सभी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों को मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य व्यापारियों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

व्यापारियों की रुचिओं का ऑन-स्पॉट समाधान

संवाद कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के अलावा व्यापार मंडल के पदाधिकारी, अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का मौके पर ही संतोषजनक उत्तर देते हुए कई समस्याओं का समाधान भी किया।

व्यापारियों ने रखीं कई मांगें

व्यापारियों ने इस अवसर पर सरकार और विभाग के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें ई-वे बिल के साथ परिवहन करने वाले वाहनों को टोल शुल्क से छूट प्रदान करने, जीएसटी से जुड़े मामलों में ब्याज दर को 18 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत करने तथा पंजीकृत व्यापारियों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। व्यापारियों का कहना था कि इन सुविधाओं से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और कारोबारी वर्ग को राहत मिलेगी।

Maharajganj: जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर दबंगों ने युवक को पीटा; वीडियो वायरल

नियमित संवाद का सुझाव

कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने राज्य कर विभाग और प्रदेश सरकार के प्रति सहयोग का भरोसा जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की राजस्व वृद्धि में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक कर जमा करेंगे। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि भविष्य में ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित अंतराल पर आयोजित किए जाएं, ताकि व्यापारियों को नई नीतियों, योजनाओं और सुविधाओं की समय-समय पर जानकारी मिलती रहे।

इस दौरान जीएसटी उपायुक्त खंड 1 मनोज विश्वकर्मा, उपायुक्त खंड 2, चंद्रशेखर वर्मा खंड 3, असिस्टेंट कमिश्नर प्रियंका श्रीवास्तव, पूजा पाल, राज्य कर अधिकारी समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  9 June 2026, 4:21 PM IST