बहन ने दिया भाई के बच्चे को जन्म, पढ़ें हापुड़ की यह सनसनी खबर

हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे को जन्म दिया। परिजनों ने उसके चचेरे भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 February 2026, 5:38 AM IST

Hapur: हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक ऐसा मामला सामने आया जिसने इलाके को झकझोर दिया। एक नाबालिग किशोरी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद परिजनों ने चचेरे भाई पर दुष्कर्म का आरोप लगाया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

जानकारी के मुताबिक बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को उसके परिजन बक्सर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। महिला डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि डिलीवरी जल्द होने वाली है। अस्पताल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार को सूचना दी।

पुलिस सुरक्षा में हुई डिलीवरी

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर किशोरी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई। करीब दो घंटे बाद नाबालिग ने एक बेटे को जन्म दिया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी बहादुरगढ़ पुलिस को भी दी गई है, ताकि दोनों थाना क्षेत्रों के बीच समन्वय बना रहे।

मां का आरोप- धमकी देकर कराया चुप

किशोरी की मां ने आरोप लगाया कि उसके जेठ का बेटा घर आता-जाता था। उसी ने जबरदस्ती दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर बेटी को चुप रहने को कहा। डर के कारण किशोरी ने किसी को कुछ नहीं बताया। समय बीतने के साथ जब उसका पेट बढ़ने लगा तो परिवार को शक हुआ। पूछताछ में मामला सामने आया।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मेडिकल और अन्य कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location : 
  • Hapur

Published : 
  • 13 February 2026, 5:38 AM IST