
एसडीएम हमीरपुर पहुंचे गोशाला
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गोशाला में बदइंतजामी और गौवंशों की मौत का मामला तूल पकड़ गया है। मुस्करा क्षेत्र के गहरौली गांव की गोशाला में बारिश के बाद दलदल और कीचड़ की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
सोशल मीडिया पर गोशाला की खराब हालत और गौवंशों से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मामले की जांच के लिए अधिकारियों की टीम गहरौली गांव पहुंची। टीम ने गोशाला का निरीक्षण किया, जहां अंदर कीचड़ और दलदल की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के बाद जब अधिकारी बाहर निकले तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से गोशाला के साथ-साथ गांव की बदहाल सड़क और रास्ते की स्थिति का भी जायजा लेने की मांग की।
गांव तक पहुंचने वाला रास्ता बारिश के कारण कीचड़ और दलदल से भरा हुआ था। हालात देखकर मौदहा के एसडीएम करन वीर सिंह अपनी कार से उतर गए। इसके बाद उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर गांव तक पहुंचने का फैसला किया। एसडीएम के ट्रैक्टर चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुस्करा क्षेत्र के गहरौली गांव स्थित गोशाला में बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई गौवंशों की मौत हुई है। गौवंशों को हटाने से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हमीरपुर के डीएम अभिषेक गोयल ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच टीम में जिला प्रोवेशन अधिकारी, प्रभारी बीडीओ राजीव सिंह और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. भूपेंद्र कुमार शामिल हैं।टीम ने मौके पर पहुंचकर गोशाला की स्थिति का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hamirpur
Published : 4 September 2026, 4:33 PM IST