
कूड़े के ढेर में धमाका
Rampur: रामपुर में एक खतरनाक और चौंकाने वाली घटना ने लोगों के होश उड़ा दिए। एक साधारण सा दिखने वाला कूड़े का ढेर अचानक धमाके के साथ फटा और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए हालात बेकाबू जैसे हो गए। ब्लास्ट में एक कबाड़ बीनने वाला युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। जिससे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।
रामपुर के तोपखाना गेट के पास कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका। कबाड़ बीनने वाला युवक गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।@rampurpolice #Rampur #Blast pic.twitter.com/zTTSky8bCu
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 26, 2026
रामपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित तोपखाना गेट के पास नगर पालिका द्वारा डंप किए गए कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। घटना रविवार की है। जब इलाके में रोजमर्रा की हलचल चल रही थी। अचानक हुए इस ब्लास्ट ने आसपास मौजूद लोगों को चौंका दिया और कुछ ही पलों में मौके पर भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि घायल युवक रोज की तरह कूड़े के ढेर में कबाड़ बीन रहा था। वह प्लास्टिक और धातु का सामान इकट्ठा कर रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और वहीं गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत उसकी मदद की और एंबुलेंस को बुलाया।
मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में भी चिंता का माहौल है।
इलाके में रहने वाले लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस जगह पर लंबे समय से कूड़ा डंप किया जा रहा है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि कूड़े के ढेर में अक्सर आग लगा दी जाती है, जिससे जहरीला धुआं फैलता है और सांस लेने में दिक्कत होती है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, कूड़े के ढेर से निकलने वाला धुआं और गंदगी इलाके में बीमारियों का कारण बन रही है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
Location : Rampur
Published : 26 April 2026, 7:19 PM IST