
यूपी के परिषदीय विद्यालयों स्कूलों में नया बदलाव (Img: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में शैक्षिक सत्र 2026-27 से बैगलेस डे की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को किताबों के साथ-साथ व्यावहारिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर देना है। हर शनिवार स्कूलों में 'मस्ती की पाठशाला' आयोजित होगी, जिसमें छात्र बिना स्कूल बैग के विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरे सत्र के लिए 10 बैगलेस डे का कैलेंडर जारी किया है। इसकी शुरुआत 22 अगस्त से होगी। इस दिन बच्चों को मिट्टी के खिलौने बनाना, स्थानीय शिल्पकारों से कौशल सीखना और कला एवं शिल्प प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। 29 अगस्त को औषधीय पौधों का उद्यान तैयार करना, कंपोस्ट और वर्मी कंपोस्ट बनाना तथा विद्यालय में किचन गार्डन विकसित करने जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी के निर्देशानुसार 12 सितंबर को जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन, 19 सितंबर को स्वास्थ्य सुरक्षा और गुड टच-बैड टच की जानकारी दी जाएगी। 26 सितंबर को पतंग बनाना और उड़ाना, विज्ञान एवं स्टेम मॉडल प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं 3 अक्टूबर को वित्तीय साक्षरता और मिनी बैंक, 10 अक्टूबर को डूडलिंग, भित्ति चित्र निर्माण, संगीत और नाटक जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।
इसके बाद 17 अक्टूबर को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, 24 अक्टूबर को सार्वजनिक अवसंरचना का अध्ययन तथा 31 अक्टूबर को एआई, रोबोटिक्स और नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। 14 नवंबर को बाल दिवस पर विशेष बाल मेले का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें: Lucknow Crime: सहेली के घर से लौट रही थी 15 साल की किशोरी, रास्ते में रुकी कार और फिर जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया
प्रदेश सरकार ने प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत राजधानी लखनऊ सहित 34 अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के विकास के लिए 4.69 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि से स्कूलों में भवन सुधार, मरम्मत और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
योजना के तहत सरकार विद्यालयों के विकास कार्यों का 75 प्रतिशत खर्च वहन करेगी, जबकि शेष 25 प्रतिशत राशि विद्यालय प्रबंधन द्वारा दी जाएगी। इस योजना का लाभ लखनऊ के भारतीय बालिका विद्यालय, नवयुग कन्या इंटर कॉलेज, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, कालीचरण इंटर कॉलेज सहित सीतापुर और अन्य जिलों के कई एडेड स्कूलों को मिलेगा।
Location : Lucknow
Published : 8 August 2026, 12:12 PM IST