गाजियाबाद में 12 गाड़ियों के साथ जिंदा जला 80 साल का बुजुर्ग, पढ़ें खौफनाक मंजर की दर्दनाक कहानी

गाजियाबाद के पटेलनगर इलाके में शनिवार तड़के एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर लगातार फटते रहे। हादसे में 80 वर्षीय कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 12 वाहन जलकर राख हो गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 May 2026, 12:39 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद के पटेलनगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ। एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर अचानक आग का गोला बन गया। रात के सन्नाटे में लगातार हो रहे धमाकों ने पूरे इलाके को दहला दिया। एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर एक के बाद एक फटते रहे और तीन मंजिला बिल्डिंग में आग तेजी से फैल गई। चारों तरफ धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही थी। इस दर्दनाक हादसे में 80 साल के बुजुर्ग कर्मचारी त्रिलोकीनाथ की जिंदा जलकर मौत हो गई।

सुबह 3 बजे सुनाई दिए जोरदार धमाके

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पटेलनगर स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग में ओमकार तोमर का एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर संचालित होता है। शुक्रवार रात मालिक दुकान बंद करके घर चला गया था। रोज की तरह 80 वर्षीय कर्मचारी त्रिलोकीनाथ वहां रखवाली के लिए रुके थे। तड़के करीब 3 बजे अचानक तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। आसपास रहने वाले लोग जब बाहर निकले तो देखा कि पूरी बिल्डिंग आग की लपटों में घिरी हुई थी। हर कुछ मिनट में अंदर रखे गैस सिलेंडर और एसी कंप्रेसर फट रहे थे। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी।

फायर ब्रिगेड पहुंची, लेकिन तब तक हो चुकी थी मौत

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया। कुछ ही देर में वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर से फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि बिल्डिंग के अंदर घुसने में काफी दिक्कत हुई। अंदर धुआं पूरी तरह भर चुका था। जब फायरकर्मी अंदर पहुंचे तो वहां कई एसी जलकर राख हो चुके थे। थोड़ी दूर पर एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला, जो पूरी तरह झुलस चुका था। बाद में उसकी पहचान त्रिलोकीनाथ के रूप में हुई।

डेढ़ घंटे बाद पाया गया आग पर काबू

सीएफओ गाजियाबाद राहुल पाल के मुताबिक फायर विभाग को आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक लगातार ऑपरेशन चलाया, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बिल्डिंग के नीचे खड़ी 2 कार और 10 बाइक समेत कुल 12 गाड़ियां जल गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Location :  Ghaziabad

Published :  9 May 2026, 12:39 PM IST