
IAS दंपती की तैनाती बनी चर्चा का विषय
Maharajganj: उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार देर रात प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 34 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस तबादला सूची में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अनुज मलिक को संतकबीरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अनुज मलिक की तैनाती महराजगंज जनपद में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल, अनुज मलिक का महराजगंज से खास पारिवारिक नाता है। वह महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की पत्नी हैं। ऐसे में एक ही परिवार से जुड़े दोनों आईएएस अधिकारियों की अगल,–बगल जिलों में जिलाधिकारी के रूप में तैनाती ने प्रशासनिक हलकों में लोगों का ध्यान आकर्षित किया है।
अनुज मलिक इससे पहले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अब शासन ने उन्हें संतकबीरनगर जिले की जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति उनके प्रशासनिक करियर में एक महत्वपूर्ण नई जिम्मेदारी के रूप में सामने आई है।
आईएएस अधिकारी अनुज मलिक गोरखपुर गीडा में तैनाती से पहले कुशीनगर जनपद में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर भी सेवाएं दे चुकी हैं। खास बात यह है कि जिस दौरान अनुज मलिक कुशीनगर में सीडीओ के पद पर तैनात थीं, उसी समय उनके पति गौरव सिंह सोगरवाल महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।
दोनों अधिकारियों का पूर्व में पड़ोसी जनपदों में प्रशासनिक दायित्व संभालना अब अनुज मलिक की संतकबीरनगर में जिलाधिकारी के रूप में नियुक्ति के बाद फिर चर्चा में आ गया है। महराजगंज के प्रशासनिक गलियारों में इस आईएएस दंपती की नई तैनाती को लेकर लोगों की नजर बनी हुई है।
संतकबीरनगर की जिलाधिकारी के रूप में अनुज मलिक के सामने जिले के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निस्तारण, सरकारी योजनाओं की निगरानी और प्रशासनिक समन्वय से जुड़ी जिम्मेदारियां होंगी। वहीं, महराजगंज में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की तैनाती के साथ दोनों अधिकारियों की प्रशासनिक भूमिकाएं अलग-अलग जनपदों में बनी रहेंगी।
Location : Maharajganj
Published : 22 September 2026, 1:19 AM IST
Topics : dm anuj malik Gaurav Singh Sogarwal ias couple Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) sant kabir nagar dm