संतकबीर नगर में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया: 15 पेट्रोल पंप ड्राई, किसानों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को जिले के 15 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई रहे, जबकि कई पंपों पर सीमित मात्रा में ही तेल दिया गया। स्थिति यह रही कि कुछ पेट्रोल पंपों पर प्रति वाहन केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल ही उपलब्ध कराया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 May 2026, 3:06 PM IST

Sant Kabir Nagar: जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को जिले के 15 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई रहे, जबकि कई पंपों पर सीमित मात्रा में ही तेल दिया गया। स्थिति यह रही कि कुछ पेट्रोल पंपों पर प्रति वाहन केवल 200 रुपये तक का पेट्रोल ही उपलब्ध कराया गया।

खलीलाबाद में लंबी कतारें, सीमित पेट्रोल वितरण

Khalilabad शहर के शुगर मिल रोड, मुखलिसपुर तिराहा और अन्य पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पेट्रोल की कमी के चलते प्रति वाहन चालक केवल 200 रुपये का पेट्रोल दिया गया।

डीजल संकट से किसान परेशान

डीजल की किल्लत का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। सब्जी और गन्ने की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीण इलाकों में कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने के कारण “नो फ्यूल” के बोर्ड लगाए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे खराब स्थिति

बखिरा क्षेत्र के मेड़रापार, बभनी और लोहरौली समेत दर्जनों पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने से सन्नाटा पसरा रहा। वहीं Mehdawal क्षेत्र में भी डीजल-पेट्रोल की कमी से लोगों में हाहाकार मचा हुआ है।

आठ दिन बाद पहुंची तेल की आपूर्ति

मेंहदावल क्षेत्र के भारत पेट्रोलियम के आदित्य फिलिंग सेंटर पर आठ दिन बाद डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति पहुंची। हालांकि क्षेत्र के कई अन्य पेट्रोल पंप अब भी ड्राई बने हुए हैं।

टेंपो चालकों और आम लोगों की बढ़ी मुश्किल

ईंधन संकट के चलते टेंपो चालकों और रोजाना सफर करने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है और कई बार बिना तेल लिए ही लौटना पड़ रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है।

Location :  Sant Kabir Nagar

Published :  28 May 2026, 3:06 PM IST