जनेश्वर मिश्र जयंती से सपा भरेगी चुनावी हुंकार, विधानसभा चुनाव से पहले ब्राह्मण समाज पर नजर

जनेश्वर मिश्र जयंती पर 5 अगस्त को लखनऊ में सपा बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगी। बलिया सांसद सनातन पाण्डेय ने विधानसभा चुनाव से जोड़कर भाजपा पर हमला बोला।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 July 2026, 12:32 PM IST

Lucknow : उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने छोटे लोहिया कहे जाने वाले स्व. जनेश्वर मिश्र की जयंती को बड़े राजनीतिक संदेश में बदलने की तैयारी शुरू कर दी है। 5 अगस्त को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रदेशभर से समाजवादियों का बड़ा जमावड़ा होगा। सपा इसे आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और सामाजिक समीकरण मजबूत करने के मौके के रूप में देख रही है।

प्रयागराज से सनातन पाण्डेय का बड़ा संदेश

शनिवार को प्रयागराज पहुंचे बलिया सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि भारत जैसे विविध भाषा, संस्कृति और जीवनशैली वाले देश का विकास समाजवादी विचारधारा से ही संभव है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और धार्मिक मुद्दों के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति हो रही है, लेकिन समाजवादी विचारधारा हमेशा ऐसे रुझानों को चुनौती देती रही है।

ब्राह्मण समाज को जोड़ने की कोशिश

सनातन पाण्डेय ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक ब्राह्मण समाज भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट हो रहा है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सत्ता का लोभी नहीं रहा। हमेशा सत्ता को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की भूमिका निभाता रहा है। उनके मुताबिक आज जब संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खतरे की बात उठ रही है, तब प्रबुद्ध समाज आगे आकर नेतृत्व कर रहा है।

चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक खेल! रालोद के डॉ. अशोक अग्रवाल के सपा में आते ही बढ़ी हलचल

टिकट उसी को, जो जीत सके

आगामी चुनाव में टिकट वितरण को लेकर उन्होंने कहा कि सपा जीतने वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी। उन्होंने राम मंदिर चंदा विवाद और कारसेवक गोलीकांड के मुद्दे पर भी भाजपा पर पलटवार किया और कहा कि जनता अब सच्चाई समझ चुकी है।

बैठक में कई नेता रहे मौजूद

बैठक का संचालन आशुतोष तिवारी ने किया, जबकि अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेख़ार हुसैन ने की। इस दौरान एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक संदीप पटेल, जिलाध्यक्ष अनिल यादव, पप्पूलाल निषाद, रवेंद्र मिश्रा, पूर्व मंत्री मीना तिवारी, चंद्रशेखर तिवारी और मनोज पाण्डेय समेत कई नेता मौजूद रहे।

Location :  Lucknow

Published :  5 July 2026, 12:27 PM IST