हिंदी
रायबरेली के जगतपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर गड्ढे में जा घुसी, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
कार का फोटो
Raebareli: रायबरेली जिले में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और फिर गड्ढे में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। यह दर्दनाक दुर्घटना जगतपुर क्षेत्र के फतेहपुर मोलिया के पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मदौलतपुर निवासी धनंजय सिंह (32), ग्राम अलीगंज डिगवा निवासी आशुतोष (35) और ग्राम परिहरी निवासी संदीप (35) आपस में घनिष्ठ मित्र थे। तीनों बुधवार शाम कार से रायबरेली शहर आए थे। शहर में जरूरी काम निपटाने के बाद वे वापस जगतपुर की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार फतेहपुर मोलिया के पास पहुंची, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे वह सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पेड़ से टकराने के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे में जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राहगीरों ने जब हादसे को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. लाइक अहमद ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक हादसे के दौरान ही तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। सिर में गंभीर चोट लगना मौत की मुख्य वजह बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। तीनों युवक अपने-अपने परिवारों के जिम्मेदार सदस्य थे। एक साथ तीन दोस्तों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
इस मामले में राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और वाहन किसके नाम पर पंजीकृत है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।