CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके पर FIR की हवा पहुंची नोएडा, स्कूल की हकीकत दिखाने पर एक और नेताजी पर मुकदमा दर्ज

नोएडा सेक्टर-51 के होशियारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल स्टाफ की शिकायत पर आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी पंकज अवाना के खिलाफ जबरन प्रवेश, वीडियो बनाने और अभद्र व्यवहार के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 August 2026, 1:48 PM IST

Noida News: नोएडा के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर कंपोजिट विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी पंकज अवाना पर स्कूल स्टाफ ने जबरन परिसर में घुसने, वीडियो बनाने और अभद्रता करने के आरोप लगाए। मामले की शिकायत के बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस ने पंकज अवाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल में वीडियो बनाया, प्रधानाचार्य से हुई बहस

दरअसल, पंकज अवाना ने स्कूल निरीक्षण का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने विद्यालय के शौचालयों में गंदगी और पेयजल व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। वीडियो में स्कूल की प्रधानाचार्य उन्हें रोकने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान दोनों के बीच बहस भी दिखाई दे रही है।

चार लोगों के साथ पहुंचे थे पंकज अवाना

सेक्टर-115 सोरखा निवासी शिक्षक सत्यबीर यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे उनकी ड्यूटी सेक्टर-51 होशियारपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में थी। इसी दौरान पंकज अवाना अपने चार साथियों के साथ स्कूल पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंकज अवाना और उनके साथ आए लोगों के पास स्कूल में प्रवेश करने या निरीक्षण करने की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद वे स्कूल परिसर में दाखिल हुए और वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।

स्टाफ ने जताई आपत्ति, धमकी देने का लगाया आरोप

शिकायत में बताया कि स्कूल कर्मचारियों ने वीडियो बनाने का विरोध किया, लेकिन आरोप है कि पंकज अवाना और उनके साथ मौजूद लोग नहीं माने। इस दौरान उन पर स्टाफ के साथ ऊंची आवाज में बात करने, अपशब्द कहने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि इस व्यवहार से पूरे स्टाफ के सम्मान को ठेस पहुंची। स्कूल में 19 महिला और एक पुरुष कर्मचारी तैनात हैं। आरोप है कि जाते समय भी पंकज अवाना ने दोबारा देख लेने की बात कही और अपने साथियों के साथ वहां से चले गए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूल स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Noida

Published :  23 August 2026, 1:48 PM IST