लखनऊ BBD यूनिवर्सिटी में बवाल: पुलिस कार्रवाई तक पहुंचा मामला, 25 से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

लखनऊ की BBD यूनिवर्सिटी में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों के भारी हंगामे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि हाईवे तक प्रदर्शन पहुंच गया और पुलिस-प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 May 2026, 5:10 PM IST

Lucknow : बीबीडी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार देर रात हालात अचानक बिगड़ गए। मेस में परोसे गए खराब खाने को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बीटेक और बीसीए छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जमकर विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि छात्र हॉस्टल से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तक की नौबत आ गई।

मेस में खराब खाना बना विवाद की वजह

घटना सीएमडी ब्लॉक की बताई जा रही है। जहां छात्रों ने आरोप लगाया कि मेस में परोसा गया खाना बेहद खराब था। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत की तो ब्लॉक हेड शुभम प्रताप सिंह ने कथित तौर पर कहा कि यही खाना खाना पड़ेगा। इस जवाब के बाद छात्रों का गुस्सा और ज्यादा भड़क गया और माहौल गरमा गया।

वार्डन पर मारपीट और अभद्रता के आरोप

छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने शांत तरीके से बाहर से सब्जी मंगाकर खाना खाने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद वार्डन की ओर से कथित तौर पर अभद्रता की गई और हाथापाई तक की नौबत आ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।

UP Politics: योगी सरकार में आखिर क्यों अटका विभागों का बंटवारा? दिल्ली से लेकर लखनऊ तक तेज हुई अंदरूनी हलचल

हाईवे तक पहुंचा छात्रों का विरोध

गुस्साए छात्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे की ओर बढ़ गए और जाम लगाने की कोशिश की, जिससे करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने किसी तरह छात्रों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

नॉनवेज खाने को लेकर बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि एक छात्र ने बाहर से नॉनवेज मंगाकर अपने कमरे में खाना खाया था, जिसके बाद उसे वार्डन के पास बुलाया गया। इसी दौरान कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई। जिससे तनाव और गहरा गया और छात्रों का विरोध तेज हो गया।

25 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है, जहां सूचना के बावजूद समय पर मौके पर न पहुंचने पर करीब 25 पुलिसकर्मियों की रपट दर्ज की गई है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि एडीसीपी अमोक मुर्कुट की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई हुई है और सभी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  17 May 2026, 5:10 PM IST