जिंदगी की डोर यूं टूटी कि संभलने का मौका तक न मिला, रायबरेली में गहरे कुएं में गिरे युवक की मौत

रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में भूसा भरते समय 42 वर्षीय वितेंद्र कुमार का पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरे। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों के अनुसार, टीम करीब दो घंटे बाद पहुंची। रेस्क्यू के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 25 November 2026, 9:39 PM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में भूसा भरने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। युवक का पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह गहरे कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। हालांकि, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। हादसा डीह थाना क्षेत्र के पूरे जीत का पुरवा, मजरे लोधवारी में हुआ।

भूसा भरते समय अचानक फिसला पैर

मिली जानकारी के अनुसार, पूरे जीत का पुरवा, मजरे लोधवारी निवासी वितेंद्र कुमार (42 वर्ष), पुत्र ललऊ प्रसाद, भूसा भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पास के गहरे कुएं में जा गिरे। हादसा अचानक हुआ, जिससे मौके पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

युवक के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके साथ ही युवक को कुएं से बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मदद के लिए बुलाया गया।

गहरे कुएं में गिरकर 42 वर्षीय युवक की मौत (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़ें: रायबरेली: पिता की 39वीं पुण्यतिथि पर पूनम सिंह का बड़ा सेवा कार्य, सैकड़ों मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

करीब दो घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना देने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने युवक को कुएं से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। कुआं गहरा होने के कारण टीम को युवक तक पहुंचने और उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

काफी प्रयासों के बाद वितेंद्र कुमार को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि, बाहर निकालने पर वह मृत अवस्था में मिले। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस परिवार को उनके सुरक्षित बाहर आने की उम्मीद थी, वहां इस खबर के बाद मातम छा गया।

परिवार देखता रह गया रास्ता (Image Source: Dynamite News)

ये भी पढ़ें: UP Elections 2027: सीटों पर आर-पार, अमेठी-रायबरेली को लेकर भी खींचतान, दिल्ली में आज Round 2

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। वितेंद्र कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। भूसा भरने के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Location :  Raebareli

Published :  25 November 2026, 9:39 PM IST