रायबरेली में रेजांगला शौर्य दिवस पर वीर शहीदों को नमन, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का सम्मान

रायबरेली के देदौर स्थित पटेल पार्क में रेजांगला शौर्य दिवस पर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की मौजूदगी में विशेष आयोजन हुआ। समारोह में देशभक्ति की प्रस्तुतियों के साथ कई लोगों को सम्मानित भी किया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 6:20 PM IST
Raebareli: रायबरेली में देश के वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए रेजांगला शौर्य दिवस मनाया गया। देदौर स्थित पटेल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभी ने रेजांगला युद्ध में अदम्य साहस दिखाते हुए देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सैनिक समाज सेवा संगठन, रायबरेली की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक आयोजन भी हुए। इस दौरान वीर नारियों, सेवानिवृत्त सैनिकों, वीरता पदक विजेताओं के परिजनों, शिक्षकों और प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया।

सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ देदौर के पटेल पार्क में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद मौजूद सैनिकों, वीर नारियों, ग्राम सभा के पूर्व और वर्तमान प्रधानों, समाजसेवियों तथा अन्य लोगों ने रेजांगला युद्ध के शहीदों को नमन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के बलिदान को याद किया।

स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया। स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में सैनिक समाज सेवा संगठन के आगरा, फिरोजाबाद, जालौन और बिहार से आए पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और लोगों को संबोधित किया।

रायबरेली में रेजांगला शौर्य दिवस पर वीर शहीदों को नमन (Image: Dynamite News)

वक्ताओं ने रेजांगला युद्ध के ऐतिहासिक महत्व के साथ भारतीय सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

सैनिकों और उनके परिवारों को दी गई जरूरी जानकारी

कार्यक्रम में लखनऊ से पहुंचे सैनिक समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सूबेदार मेजर हरिराम यादव ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को संबोधित किया। उन्होंने सैनिक दस्तावेजों के रखरखाव, अभिलेखों में होने वाली गलतियों को ठीक कराने की प्रक्रिया और केंद्र व राज्य सरकार की ओर से सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव फौजी के नेतृत्व में टीम ने वीर नारियों, वीरता पदक विजेताओं के परिजनों, सेवानिवृत्त सैनिकों, शिक्षकों और समाज में सैनिकों के हितों के लिए सराहनीय काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया।

विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को डायरी, नोटबुक, पेन, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम की सफलता में विशेष सहयोग देने वाले फौजी अंबेश चौधरी के पिता हरिनाम चौधरी के प्रति भी संगठन ने आभार जताया।

आयोजकों ने जताया सभी का आभार

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जय सिंह यादव फौजी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सैनिकों, वीर नारियों, शिक्षकों, बच्चों, कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेजांगला के वीर शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

Location :  Raebareli

Published :  19 November 2026, 6:20 PM IST