
मदनिया गांव में कमर तक जलभराव (IMG: Dynamite News)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के महराजगंज तहसील क्षेत्र के मदनिया गांव में जलभराव की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जनजीवन मुश्किल बना दिया है। गांव के मुख्य रास्ते पर कमर तक पानी भरने से लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद अब तक तहसील प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने नहीं आया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के मुख्य रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है। स्थिति ऐसी है कि लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए कमर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है और लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं।
जलभराव की समस्या का सबसे ज्यादा असर बीमार और बुजुर्ग लोगों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार मरीजों को चारपाई पर लादकर पानी से भरे रास्ते को पार कर मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। ऐसे हालात में किसी गंभीर मरीज की स्थिति और बिगड़ने का खतरा बना रहता है।
Raebareli: 60 साल के बुजुर्ग को किसने बनाया निशाना? मंदिर के पास झोपड़ी में मिले शव से मचा हड़कंप
गांव के स्कूली बच्चों को भी जलभराव के कारण रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन इसी पानी से होकर स्कूल आना-जाना पड़ता है।
पानी में होकर गुजरने के दौरान बच्चों के गिरने और चोटिल होने का भी डर रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या का सीधा असर बच्चों की नियमित पढ़ाई और स्कूल आने-जाने पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता गांव में वोट मांगने पहुंचते हैं, लेकिन गंभीर समस्याओं के समय ग्रामीणों की सुध लेने कोई नहीं आता।
ग्रामीणों का आरोप है कि बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक श्याम सुंदर भारती भी गांव के मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का हाल जानने के लिए गांव नहीं पहुंचे।
Raebareli: जिस रास्ते से गुजरे थे सीएम योगी, जलभराव से आज वह जगह बनी तालाब
ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मांग की है कि अधिकारी तत्काल गांव पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लें और पानी निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मरीजों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों की परेशानी को देखते हुए जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए।
Location : Raebareli
Published : 1 September 2026, 1:33 PM IST
Topics : Madaniya Village raebareli news School Children Waterlogging Shyam Sundar Bharti Waterlogging Problem