अमृतपुर में सपा टिकट की रेस तेज! गांव-गांव पहुंच रहे दावेदार, किसके नाम पर लगेगी मुहर?

फर्रुखाबाद की अमृतपुर विधानसभा सीट पर सपा से जुड़े संभावित दावेदार सक्रिय हो गए हैं। मनोज मिश्रा, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव और नवल किशोर शाक्य के नामों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 September 2026, 9:52 AM IST

फर्रुखाबाद: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 193 अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है। समाजवादी पार्टी से जुड़े संभावित दावेदारों ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नेता गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं और स्थानीय मुद्दों को लेकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं।

मनोज मिश्रा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे

सपा नेता मनोज मिश्रा इन दिनों विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वह विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों के बीच पहुंचकर वह स्थानीय समस्याओं, जनसुविधाओं और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह यादव भी बनाए हुए हैं सक्रियता

अमृतपुर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे डॉ. जितेंद्र सिंह यादव भी क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं। उनके समर्थकों के मुताबिक, वह लगातार गांवों का दौरा कर रहे हैं और लोगों से संवाद कर रहे हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह यादव स्थानीय मुद्दों पर ग्रामीणों की राय जानने के साथ संगठन स्तर पर भी संपर्क बढ़ा रहे हैं।

नवल किशोर शाक्य के नाम की भी चर्चा

सपा के संभावित दावेदारों में पूर्व प्रत्याशी नवल किशोर शाक्य के नाम की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में चल रही है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक अमृतपुर विधानसभा सीट के लिए किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

टिकट को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल

अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा नेताओं की बढ़ती सक्रियता के बीच चुनावी तैयारियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। संभावित दावेदार अपने-अपने स्तर पर क्षेत्र में पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं।

अब नजरें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अमृतपुर सीट से किस चेहरे को मैदान में उतारा जाता है।

Location :  Farrukhabad

Published :  24 September 2026, 9:52 AM IST