महिला के पेट से निकलीं ऐसी चीजें, देखकर डॉक्टर भी रह गए दंग! जानिए क्या बच पाई बेबस मरीज की जान

प्रयागराज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला की गंभीर हालत के बाद डॉक्टरों को बड़ा ऑपरेशन करना पड़ा। जांच के दौरान शरीर के अंदर ऐसी चीजें मिलीं, जिसने सभी को चौंका दिया। आइए जानते हैं आगे क्या हुआ।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 1:03 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज में मानसिक तनाव से जूझ रही 24 वर्षीय महिला के पेट से डॉक्टरों ने सुई, नुकीले हेयर पिन और कांच की चूड़ियों के टुकड़े निकाले हैं। महिला ने पिछले कई महीनों में कई नुकीली और गैर-खाद्य चीजें निगल ली थीं। इससे उसकी आंतों में कई जगह छेद हो गए और संक्रमण फैलने लगा। करीब ढाई से तीन घंटे चली सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने इन वस्तुओं को बाहर निकाला। फिलहाल महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

सात महीने से मानसिक तनाव में थी महिला

खागा की रहने वाली 24 वर्षीय विजमा कुमारी पिछले करीब सात महीनों से मानसिक तनाव और परेशानी से जूझ रही थीं। उनके पति बृजेश सूरत में निजी नौकरी करते हैं। दंपती का एक साल का बेटा भी है। परिवार के मुताबिक, मानसिक परेशानी बढ़ने के बाद विजमा धीरे-धीरे सुई, पिन, कांच के टुकड़े और दूसरी नुकीली चीजें निगलने लगीं। परिवार को लंबे समय तक इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं था। जब परेशानी बढ़ी तो विजमा की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए।

ये भी पढ़ें: Prayagraj Flood: गंगा-यमुना उफान पर, कई मोहल्लों में घुसा बाढ़ का पानी; सैकड़ों लोग राहत शिविरों में पहुंचे

एक्स-रे और सीटी स्कैन में दिखीं सुइयां

विजमा के जेठ गुमान सिंह के मुताबिक, परिवार ने उनका कई जगह इलाज कराया था, लेकिन उनकी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। एक दिन घर लौटने पर उन्होंने विजमा को रोते हुए देखा। पूछताछ करने पर उन्होंने सुई निगलने की बात बताई।

इसके बाद परिवार उन्हें तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर पहुंचा। जांच के दौरान एक्स-रे में पेट के अंदर नुकीली चीजें दिखाई दीं। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए बड़े अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी। इसके बाद विजमा को प्रयागराज के नारायण स्वरूप हॉस्पिटल लाया गया।

आंतों में हुए कई छेद, किडनी तक पहुंची सुई

जांच में सामने आया कि नुकीली वस्तुओं के कारण विजमा की आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। आंतों में कई जगह छेद हो गए थे। बताया गया कि दो सुइयां आंत को पार करते हुए दाहिनी किडनी तक पहुंच गई थीं। आंत फटने के कारण पेट में गंभीर संक्रमण फैलने लगा था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी का फैसला लिया।

सी-आर्म तकनीक से निकाली गईं सुइयां

डॉक्टर राजीव सिंह के अनुसार, पहले एक्स-रे और फिर सीटी स्कैन के जरिए पेट के अंदर फंसी वस्तुओं की स्थिति पता की गई। आंतों के अंदर मौजूद सुइयों को निकालना चुनौतीपूर्ण था। ऑपरेशन के दौरान सी-आर्म तकनीक की मदद ली गई।

करीब ढाई से तीन घंटे चली सर्जरी में डॉक्टरों ने सुइयों और अन्य नुकीली वस्तुओं को बाहर निकाला। साथ ही क्षतिग्रस्त आंतों की भी मरम्मत की गई। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ और उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

डॉक्टरों ने बताया पायका ईटिंग डिसऑर्डर

डॉक्टरों के मुताबिक, विजमा पायका (Pica) नाम के दुर्लभ ईटिंग डिसऑर्डर से प्रभावित थीं। इसमें व्यक्ति खाने की चीजों के बजाय ऐसी वस्तुएं खाने या निगलने लगता है, जो सामान्य रूप से खाने योग्य नहीं होतीं।

इसमें मिट्टी, कागज, चॉक, बाल, सुई, पिन और कांच जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसिक तनाव, डिप्रेशन, पारिवारिक परेशानी और ओसीडी जैसी समस्याएं इसके पीछे कारण हो सकती हैं। शरीर में आयरन या जिंक जैसे पोषक तत्वों की कमी भी इसकी वजह बन सकती है।

ये भी पढ़ें: Prayagraj News: थाने के पास से युवक को कार में जबरन बैठाया, फिर यमुना में फेंका शव; छोटे भाई के ससुर ने क्यों लिया ऐसा बदला?

असामान्य आदत को नजर अंदाज न करें

डॉक्टर राजीव सिंह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के व्यवहार या खाने की आदत में अचानक बदलाव दिखाई दे और वह गैर-खाद्य वस्तुएं खाने लगे तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। ऐसी स्थिति में समय पर डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

डॉक्टरों के अनुसार, जांच, काउंसलिंग और उचित इलाज से पायका की समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है। नुकीली चीजें निगलने पर आंतों और शरीर के दूसरे अंगों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

Location :  Prayagraj

Published :  5 September 2026, 1:03 PM IST