
प्रयागराज में कोडिन कफ सिरप तस्करी का भंडाफोड़
Prayagraj: रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच जीआरपी प्रयागराज ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी जाने वाली गली में दबिश देकर कोडिन कफ सिरप की 64 शीशियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद सिरप की अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रेनों के माध्यम से कफ सिरप की तस्करी कर मुंबई में ऊंचे दामों पर बेचता था।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में चोरी, छिनैती, अवैध तस्करी की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने जीआरपी और आरपीएफ की टीम के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-1 के हावड़ा छोर पर सैलून यार्ड के सामने मंदिर के पास रेलवे कॉलोनी जाने वाली गली में कार्रवाई की। यहां से दोपहर करीब 12:05 बजे सद्दाम को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम पुत्र मुस्तफा शिद्दीकी, निवासी मोहल्ला इमामगंज, लालगोपालगंज, थाना नवाबगंज, प्रयागराज के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 100-100 मिलीलीटर की 64 शीशियां कोडिन फॉस्फेट और ट्रिप्रोलिडीन एचसीएल सिरप बरामद किया है। इसके अलावा तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 350 रुपये नकद और वीवो कंपनी का एक चालू मोबाइल फोन भी मिला। बरामद सिरप की कुल अनुमानित कीमत करीब 14,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर ट्रेनों के माध्यम से कोडिन कफ सिरप की तस्करी करता था और उसे मुंबई में नशे के लिए ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध कमाई करता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी इस रकम को अपने ऐशो-आराम पर खर्च करता था।
जीआरपी प्रयागराज थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
Location : Prayagraj
Published : 19 October 2026, 6:20 AM IST