
प्रतापगढ़ जिला अधिकारी ऑफिस (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के जनपद प्रतापगढ़ के कुंडा तहसील क्षेत्र में फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित बनकर सरकारी योजनाओं और नौकरियों का लाभ उठाने का एक बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तहसील की आधिकारिक सूची से बाहर के लोग सेनानी कोटा का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रशासन ने इस मामले की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
यह पूरा मामला हरियाखा गांव के निवासी छोटेलाल (पुत्र गयादीन) की मुस्तैदी से उजागर हुआ। छोटेलाल ने वर्ष 2019 में जन सूचना अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत तहसील से स्वतंत्रता सेनानियों की अधिकृत सूची मांगी थी। जिलाधिकारी (DM) कार्यालय द्वारा 29 मार्च 2019 को दी गई जानकारी में स्पष्ट हुआ कि कुंडा तहसील में कुल 103 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि सरकारी लाभ ले रहे संदिग्ध लोगों के पूर्वजों का नाम इस आधिकारिक सूची में कहीं भी शामिल नहीं था।
ये भी पढ़ें: Pratapgarh: आशा बहुओं की मांग को लेकर प्रतापगढ़ में बड़ा प्रदर्शन, हाईवे पर थमा ट्रैफिक; अब आगे क्या?
शिकायतकर्ता छोटेलाल के अनुसार, इलाके के लगभग 17 लोग फर्जी तरीके से स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित बन बैठे हैं और इस कोटे के जरिए सरकारी नौकरियों के साथ-साथ अन्य विभागीय योजनाओं का अवैध लाभ उठा रहे हैं। पीड़ित ने इस संबंध में जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक लगातार शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इतने सालों से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लंबे समय बाद अब इस मामले में प्रशासनिक हलचल तेज हुई है। कुंडा के तहसीलदार अनिल कुमार ने बताया कि फर्जी नाम पर आश्रित कोटे का लाभ लेने संबंधी शिकायत को बेहद गंभीरता से लिया गया है। लाभ ले रहे सभी संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर न सिर्फ उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, बल्कि सरकारी धन की रिकवरी भी हो सकती है। इस खुलासे के बाद से कुंडा क्षेत्र के उन रसूखदारों में हड़कंप मचा हुआ है जो फर्जी दस्तावेजों के सहारे अब तक मलाई काट रहे थे।
ये भी पढ़ें: Pratapgarh: पुतला दहन को लेकर पुलिस से झड़प, 4 नामजद समेत 150 पर मुकदमा; क्या है पूरा मामला?
स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। इसमें मुख्य रूप से नौकरियों में 2% आरक्षण, मासिक पारिवारिक पेंशन, सम्मान राशि और महंगाई भत्ता, मुफ्त रेल यात्रा व इलाज, उच्च शिक्षा में छूट जैसे मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रोफेशनल कोर्स के दाखिले में विशेष आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
Location : Pratapgarh
Published : 9 October 2026, 6:51 PM IST
Topics : Fake Freedom Fighter Certificate UP Freedom Fighter Scam Pratapgarh Kunda Pratapgarh News pratapgarh news UP News