Guru Nanak Jayanti: ‘जो बोले सो निहाल’ के जयघोष से गूंजा प्रतापगढ़, प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन

प्रतापगढ़ में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मंगलवार शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरबाणी और 'जो बोले सो निहाल' के जयघोष से शहर गूंज उठा। जगह-जगह पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। बाबागंज स्थित गुरुद्वारा नानक शाही में विशाल लंगर आयोजित हुआ, जहां विभिन्न समुदायों के लोगों ने एक साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 25 November 2026, 12:07 AM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और स्थानीय पंजाबी व सिख समाज के संयुक्त तत्वावधान में बालीपुर स्थित पंजाबी कॉलोनी से गाजे-बाजे के साथ नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। फूलों से सजे रथ, पंज प्यारों की अगुवाई और कीर्तनी जत्थों ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। शहर के प्रमुख मार्गों पर 'सतनाम श्री वाहेगुरु' और 'जो बोले सो निहाल' के जयघोष गूंजते रहे। जगह-जगह सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

फूलों से सजे रथ पर विराजमान रहे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ शोभायात्रा की शुरुआत हुई। नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण फूलों से भव्य रूप से सजाया गया रथ रहा, जिस पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन सवारी विराजमान थी। पंज प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में सिख और पंजाबी समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

Kanpur Dev Deepawali: धरती पर दीपों की जगमगाहट, आसमान में आतिशबाजी; कानपुर में दिखा अद्भुत नजारा

पारंपरिक वेशभूषा में सजे पुरुषों और महिलाओं के कीर्तनी जत्थे गुरु साहिब का यशोगान करते हुए आगे बढ़ रहे थे। शबद कीर्तन और गुरबाणी से वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया।

गुरु नानक जयंती पर निकली शोभायात्रा (Image Source)

शहर के प्रमुख मार्गों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

बालीपुर स्थित पंजाबी कॉलोनी से प्रारंभ हुई शोभायात्रा राजपाल टंकी चौराहा, जिला अस्पताल और चौक घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। पूरे रास्ते श्रद्धालु 'सतनाम श्री वाहेगुरु' और 'जो बोले सो निहाल' के जयघोष करते रहे।

नगर कीर्तन के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों और व्यापारियों ने व्यवस्थाएं की थीं। शोभायात्रा के पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद के स्टॉल भी लगाए गए। नगर कीर्तन के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।

प्रतापगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, तीन घायल

बाबागंज गुरुद्वारे में सजी पंगत

नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा बाबागंज स्थित गुरुद्वारा नानक शाही पहुंचकर संपन्न हुई। यहां गुरुद्वारा प्रबंध समिति की ओर से विशाल गुरु का लंगर आयोजित किया गया। लंगर में सिख और पंजाबी समुदाय के साथ-साथ शहर के अन्य समाज के लोगों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। सभी ने एक साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के साथ पंजाबी और सिख समाज की महिलाओं, युवाओं तथा बुजुर्गों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी के 'किरत करो, नाम जपो और वंड छको' अर्थात मेहनत करो, ईश्वर का नाम जपो और बांटकर खाओ के संदेश को जीवन में उतारने पर जोर दिया। इसके साथ ही मानवता की सेवा करने का संकल्प भी दोहराया गया।

Location :  Pratapgarh

Published :  25 November 2026, 12:07 AM IST