प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते मासूम पर गिरा लोहे का गेट, बच्चे की गई जान

प्रतापगढ़ में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। जिस लोहे के गेट के पास मासूम खेल रहा था, वही उसकी मौत की वजह बन गया। अचानक हुए इस हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की जान चली गई, जिसके बाद घर में खुशियों की जगह मातम छा गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 September 2026, 2:28 AM IST
google-preferred

Pratapgarh: नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर (मीरा भवन) में रविवार शाम एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे लोहे के गेट पर झूलते समय अचानक गेट उखड़कर गिरने से आठ वर्षीय मासूम छात्र उसकी चपेट में आ गया। भारी-भरकम गेट के नीचे दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

आनन-फानन में परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज लेकर दौड़े, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक मासूम की पहचान

जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम की पहचान अधिक शर्मा (कक्षा 3 का छात्र) के रूप में हुई है। उसके पिता रजनीश शर्मा एक प्रतिष्ठित कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर हैं। रजनीश शर्मा का परिवार मूल रूप से राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके का निवासी है और पिछले करीब तीन साल से सेनानी नगर स्थित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के मकान में किराए पर रह रहा था।

रविवार की शाम काल बनकर गिरा लोहे का गेट

बताया जा रहा है कि रविवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण अधिक घर पर ही था। शाम करीब 6:30 बजे वह खेलते-खेलते घर के मुख्य लोहे के गेट के पास पहुंच गया और उस पर लटककर झूलने लगा। इसी दौरान अचानक गेट का सपोर्ट टूट गया और भारी-भरकम लोहे का गेट सीधे मासूम के ऊपर आ गिरा।

गेट के नीचे दबते ही चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर दौड़े परिजन और आसपास के लोग मासूम को बाहर निकालकर तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

एक रात, तीन दुकानें और लाखों का सामान! प्रतापगढ़ में चोरों ने ऐसे मचाया तांडव, CCTV DVR भी ले गए

महाकाल के दर्शन कर लौटे थे पिता

बच्चे के पिता रजनीश शर्मा रविवार को ही बाबा महाकाल के दर्शन कर उज्जैन से सकुशल घर वापस लौटे थे। घर में दर्शन पूजन और वापसी की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि चंद घंटों बाद ही इस खौफनाक हादसे ने इकलौते चिराग को बुझा दिया। हादसे के बाद बदहवास परिजन मासूम का शव लेकर मूल निवास लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं।

Bank Strike Update: बैंक जाने वालों के लिए बड़ी खबर, 28 से 30 सितंबर तक बंद नहीं होंगे बैंक

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के लोहे के गेट पर झूल रहा था, तभी अचानक गेट टूटकर उसके ऊपर गिर गया जिससे यह दुखद हादसा हुआ। मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Pratapgarh

Published :  28 September 2026, 2:25 AM IST

Advertisement