गोरखपुर की 9 विधानसभा सीटों पर बदलेंगे मतदान केंद्र, 23 अक्टूबर तक आपत्ति का मौका!

गोरखपुर की नौ विधानसभा क्षेत्रों में बदलेंगे मतदान केंद्र, 23 अक्टूबर तक दर्ज कराएं आपत्ति

Updated : 19 October 2026, 8:35 PM IST

गोरखपुर: आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार पर केंद्रों की समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित कर आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां मांगी हैं। आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

जारी सूची के अनुसार जिले के 320-कैंपियरगंज, 321-पिपराइच, 322-गोरखपुर शहर, 323-गोरखपुर ग्रामीण, 324-सहजनवां, 325-खजनी (अनुसूचित जाति), 326-चौरीचौरा, 327-बांसगांव (अनुसूचित जाति) और 328-चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की समीक्षा की जा रही है। भौतिक सत्यापन के बाद जरूरत के अनुसार मौजूदा मतदान केंद्रों में बदलाव, मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण और नए केंद्रों की स्थापना की जा सकती है।

इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाताओं की संख्या के अनुरूप मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करना और मतदाताओं को सुविधाजनक स्थान पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए मतदान केंद्रों के भवनों की उपयुक्तता, वास्तविक स्थिति और मतदाताओं की संख्या का परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक मतदेय स्थल से संबंधित गांव, मोहल्ले और मजरे सूची में शामिल रहें, ताकि किसी क्षेत्र के मतदाताओं को लेकर भ्रम या त्रुटि की स्थिति न बने।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और अन्य पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित आम जनता से भी सुझाव मांगे हैं। यदि किसी मतदेय स्थल के स्थान, प्रस्तावित बदलाव, भवन की उपयुक्तता अथवा गांव, मोहल्ले और मजरे के समावेशन को लेकर आपत्ति है, तो संबंधित पक्ष निर्धारित समयसीमा के भीतर लिखित रूप में अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची जिला निर्वाचन कार्यालय और संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट तथा गोरखपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी सूची देखी जा सकती है।

प्राप्त सुझावों और आपत्तियों की समीक्षा के बाद आवश्यक परीक्षण करते हुए मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। ऐसे में मतदाताओं और जनप्रतिनिधियों से अपील है कि वे अपने क्षेत्र की प्रस्तावित सूची का समय रहते निरीक्षण करें और किसी त्रुटि या बदलाव की आवश्यकता होने पर 23 अक्टूबर 2026 तक लिखित आपत्ति दर्ज कराएं।

Location :  गोरखपुर

Published :  19 October 2026, 8:35 PM IST