
बदायूं मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू ढेर (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Badaun: उत्तर प्रदेश के जिले बदायूं जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ में 14 मुकदमों में वांछित कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। शनिवार को डीआईजी अजय सहानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
डीआईजी अजय सहानी ने बताया कि पुलिस टीम सिविल लाइन क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र उर्फ ढालू घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
UP Police में रिकॉर्डतोड़ तबादले, 125 डिप्टी SP इधर से उधर, देखें पूरी लिस्ट
पुलिस के अनुसार ढालू पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 14 संगीन मुकदमे दर्ज थे। वह बदायूं के इस्लामनगर डकैती कांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि वह एक अंतरजनपदीय गिरोह का सक्रिय सदस्य था और लूट, डकैती तथा हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, एक देसी तमंचा और करीब एक दर्जन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ सोने-चांदी के जेवर भी मिले हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि ये जेवर किन घटनाओं से जुड़े हो सकते हैं।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की फायरिंग में एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीआईजी ने घायल पुलिसकर्मियों के साहस की सराहना की और कहा कि उनकी सतर्कता से बड़ी वारदात टली है।
जितेंद्र उर्फ ढालू लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। इस्लामनगर डकैती के बाद से उसकी तलाश जारी थी। हमारी टीमों ने लगातार प्रयास कर उसे ट्रैक किया। बदायूं पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। डीआईजी अजय सहानी ने बताया कि बरामद हथियारों और जेवरों की जांच जारी है। पुलिस अब आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Location : Badaun
Published : 2 July 2026, 5:13 PM IST