5 बेड वाली इमरजेंसी से 18 बेड तक का सफर, हाथरस में क्यों लिया गया ये बड़ा फैसला?

हाथरस के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में नई इमरजेंसी तैयार की जा रही है। करीब 18 बेड वाली इस सुविधा से मरीजों को तत्काल इलाज मिल सकेगा। अस्पताल में 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट भी बनाई जा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 August 2026, 1:19 AM IST

Hathras : बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अस्पताल में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े भवन के निचले तल का कायाकल्प कर वहां आधुनिक इमरजेंसी तैयार की जा रही है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद मरीजों को तत्काल उपचार मिलने में आसानी होगी और आपातकालीन सेवाओं पर बढ़ते दबाव को भी कम किया जा सकेगा।

 

पुरानी इमरजेंसी में थी जगह की कमी

बागला अस्पताल की मौजूदा इमरजेंसी में सीमित जगह होने के कारण एक समय में केवल 5 से 7 बेड की ही व्यवस्था हो पाती थी। अधिक संख्या में मरीज पहुंचने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में शिफ्ट करना पड़ता था। जिला ने बताया कि नई इमरजेंसी शुरू होने के बाद करीब 18 बेड उपलब्ध होंगे। इससे गंभीर और आपात स्थिति वाले मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण

सोमवार को जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अस्पताल परिसर में बन रही नई इमरजेंसी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और मरीजों, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से इमरजेंसी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बचे हुए कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

हाथरस : आकाश आनंद के दौरे से पहले बढ़ी हलचल, सादाबाद में किसके नाम पर लग सकती है मुहर?

गंभीर मरीजों को सीधे मिलेगी क्रिटिकल केयर की सुविधा

अस्पताल परिसर में करीब 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट भी तैयार की जा रही है। नई इमरजेंसी के नजदीक होने के कारण गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर तुरंत क्रिटिकल केयर यूनिट में शिफ्ट किया जा सकेगा। इससे दुर्घटना, गंभीर बीमारी या अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों के इलाज में काफी मदद मिलेगी।

तीमारदारों के लिए भी होगी बेहतर व्यवस्था

नई इमरजेंसी में मरीजों के साथ डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के लिए भी जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा मरीजों के तीमारदारों के बैठने के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी।

अधिकारियों का मानना है कि इससे इमरजेंसी में होने वाली भीड़ और अव्यवस्था को कम किया जा सकेगा।

ऑक्सीजन प्लांट से मिल रही अस्पताल को सप्लाई

जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट को हाल ही में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शुरू कराया गया है। अब अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति इसी प्लांट के माध्यम से की जा रही है। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक चिकित्सालय को पुराने इमरजेंसी कक्ष में स्थानांतरित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

जल्द जनता को समर्पित होगी नई सुविधा

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को नई इमरजेंसी से जुड़े सभी लंबित कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

Location :  Hathras

Published :  11 August 2026, 1:18 AM IST