चंदौली में ट्रेन चल चुकी थी, तभी नीचे दिखा युवक… स्टेशन पर मच गया हड़कंप

डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस के प्लेटफार्म से चलने के दौरान एक युवक ट्रेन के नीचे गिर गया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार और आरपीएफ-जीआरपी की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। युवक की पहचान वीरेंद्र कुमार, मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 April 2026, 5:17 AM IST

Chandauli: डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन पर देर रात एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थाम दीं। आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस के प्लेटफार्म संख्या तीन से चलने के दौरान अचानक एक युवक ट्रेन के नीचे आ गया। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के लिए यह वाकई एक खौफनाक पल था।

मौके पर तुरंत कार्रवाई

प्लेटफार्म संख्या दो पर तैनात मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार ने युवक को ट्रेन के नीचे खड़ा देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और युवक को पेट के बल लेटे रहने तथा हिलने-डुलने से बचने का इशारा किया। उनकी सूझबूझ की वजह से और आरपीएफ तथा जीआरपी टीम के तत्काल पहुंचने से युवक की जान बचाई जा सकी।

युवक की पहचान और पूछताछ

युवक की पहचान वीरेंद्र कुमार, निवासी चंद्ररहिया, मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि धक्का लगने के कारण वह ट्रेन के नीचे गिर गया था। हालांकि कुछ लोगों ने यह आशंका जताई कि युवक जानबूझकर ट्रेन के नीचे आया था।

पुलिस ने किया सुरक्षित बाहर निकाला

आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। इसके बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारीयों ने कहा कि इस तरह की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और स्टेशन पर मौजूद लोगों को राहत मिली।

Location :  Chandauli

Published :  8 April 2026, 5:17 AM IST