हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Lucknow: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बीच बिजली विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम (MVVNL) ने 19 जिलों के बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों की 31 जुलाई तक सभी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। विभाग ने अवकाश पर गए कर्मचारियों और इंजीनियरों को भी तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक (MD) रिया केजरीवाल ने बताया कि प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
जारी निर्देश के मुताबिक लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत जिलों में कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं।
एमडी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी को विशेष परिस्थितियों में छुट्टी की जरूरत है, तो उसका आवेदन अधिशासी अभियंता और मुख्य अभियंता के माध्यम से भेजा जाएगा। अंतिम अनुमति एमडी स्तर से ही मिलेगी। बिना सूचना या अनुमति के अवकाश पर जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
प्रदेश में इस समय बांदा, प्रयागराज समेत कई जिलों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। भीषण गर्मी के चलते बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है। ऐसे में बिजली विभाग किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहता है, ताकि लोगों को कटौती और फॉल्ट जैसी समस्याओं का कम सामना करना पड़े।
Location : Lucknow
Published : 21 May 2026, 6:33 PM IST