Orai News: चलती कार में अचानक लगी भीषण आग… टायर फटने की आवाज से दहला हाईवे

उरई में एट टोल के पास चलती कार में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई और टायर धमाकों के साथ फटने लगे। गनीमत रही कि कार सवार तीन वर्षीय बच्ची समेत सभी चार लोग समय रहते बाहर निकल आए और बड़ा हादसा टल गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 4:21 PM IST

Orai: उरई में गुरुवार को एट टोल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झांसी की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर कार में आग लगने की घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में आग की लपटें तेज हो गईं। गनीमत यह रही कि कार सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग का गोला बन गई।

मुंडन संस्कार में गया युवक अचानक हुआ लापता, तलाश में उतरी NDRF टीम

घटना के दौरान सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी रुक गए और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

तीन साल की बच्ची समेत चार लोग थे सवार

जानकारी के अनुसार, कार में कुल चार लोग सवार थे। इनमें करीब तीन वर्षीय बच्ची नव्या भी शामिल थी। कार में दयानंद वैदिक कॉलेज के राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. नमो नारायण, प्रभात दुबे और अन्य दो लोग उरई से झांसी की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि कार में रिलायंस इंडस्ट्रीज पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाया गया था। पेट्रोल भरवाने के करीब सात से दस किलोमीटर बाद अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। इसके बाद कार में आग लग गई और आग तेजी से फैलती चली गई। डॉ. नमो नारायण और अन्य लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कार रोक दी और सभी को बाहर निकाल लिया। मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

‘एक और निर्भया कांड’ पर भड़की सियासत, केजरीवाल-सिसोदिया ने BJP को घेरा

धमाकों के साथ फटे टायर

आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में कार के चारों टायर जोरदार धमाकों के साथ फट गए। लगातार हो रहे धमाकों से आसपास मौजूद लोग डर गए और दूर हट गए। आग और धुएं के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

Location :  Orai

Published :  14 May 2026, 4:21 PM IST