महिला आरक्षण बिल पर मुजफ्फरनगर और वेस्ट यूपी में सियासी संग्राम, सपा सांसद हरेंद्र मलिक बोले- “लोकतंत्र का सबसे बड़ा मजाक”

मुजफ्फरनगर में महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा महिला मोर्चा और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। सांसद Harendra Malik ने भाजपा पर लोकतंत्र के साथ मजाक करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2023 में सर्वसम्मति से पास हो चुके बिल को दोबारा लाना राजनीतिक ड्रामा है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 11 May 2026, 2:24 AM IST

Muzaffarnagar: महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस अब मुजफ्फरनगर तक पहुंच गई है। रविवार को भाजपा महिला मोर्चा ने विपक्षी सांसदों के खिलाफ प्रदर्शन अभियान के तहत मुजफ्फरनगर में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का केंद्र समाजवादी पार्टी के सांसद Harendra Malik का आवास बताया गया, हालांकि प्रदर्शनकारी उनके घर से करीब 500 मीटर दूर प्रदर्शन कर वापस लौट गए।

भाजपा महिला मोर्चा का आरोप था कि विपक्ष महिला शक्ति वंदन बिल को लागू होने से रोक रहा है, जबकि विपक्ष लगातार भाजपा पर इस मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।

सांसद हरेंद्र मलिक ने भाजपा पर साधा निशाना

धरना प्रदर्शन के बाद सांसद हरेंद्र मलिक ने भाजपा और भाजपा महिला मोर्चा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस बिल को लेकर भाजपा विपक्ष को घेर रही है, वह बिल पहले ही वर्ष 2023 में सर्वसम्मति से संसद में पास हो चुका है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का सबसे बड़ा मजाक बताते हुए कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार किसी पहले से पास बिल को दोबारा पेश किया जा रहा है।

सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी और विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध नहीं कर रहे, बल्कि मांग कर रहे हैं कि इसे जल्द लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा 2034 तक इसे टालने की राजनीति कर रही है, जबकि इसे 2027 से लागू किया जाना चाहिए।

पारिवारिक शोक के बीच हुआ प्रदर्शन

सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि उनके परिवार में उनके छोटे बहनोई का निधन हो गया था, जिसके चलते वह अंत्येष्टि में शामिल होने गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले से उनके आवास पर मौजूद थी, लेकिन पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस का व्यवहार बेहद मानवीय रहा। उन्होंने बताया कि वह पहले ही घर पर लोगों के स्वागत और चाय-पानी की व्यवस्था करने के निर्देश देकर गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रदर्शनकारी उनके आवास तक आते तो बातचीत के जरिए उनमें से कुछ लोग उनके समर्थक भी बन सकते थे। सांसद ने भाजपा महिला मोर्चा पर संवेदनहीन राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

किसानों और हापुड़ हिंसा पर भी बोले सांसद

सांसद ने बुलंदशहर में किसानों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा तक नहीं दे रही, जिससे उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों की समस्याएं समय पर हल हो जाएं तो आंदोलन की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। वहीं, हापुड़ में महाराणा प्रताप जयंती के दौरान हुई हिंसा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप देश की शान और गौरव हैं। उन्हें जाति और राजनीति में बांटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश के गौरव को सम्मान देना चाहते हैं, उन्हें रोकना गलत है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  11 May 2026, 2:24 AM IST