
AI का प्रक्षिक्षण लेते अफसर
Maharajganj : बदलते डिजिटल दौर में महराजगंज प्रशासन भी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सरकारी कामकाज और योजनाओं के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सोमवार को जिलास्तरीय अधिकारियों के लिए AI आधारित टूल्स के इस्तेमाल को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों को AI के व्यावहारिक, सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को आधुनिक, रचनात्मक और आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के तरीकों को समझाना रहा। इसके अलावा प्रशासनिक और कार्यालयीन कार्यों में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त राष्ट्र के साथ कार्यरत आयुष कृष्ण त्रिपाठी ने अधिकारियों को AI और सोशल मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न AI टूल्स के इस्तेमाल, कंटेंट तैयार करने, सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक सामग्री बनाने और सूचनाओं को सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में AI के फायदे बताने के साथ ही इसके जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों को फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
उन्हें बताया गया कि AI से तैयार किसी भी सामग्री को सार्वजनिक करने से पहले तथ्यों की जांच करना जरूरी है। इसके साथ ही AI टूल्स के इस्तेमाल के दौरान डेटा सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क किया गया।
अधिकारियों को बताया गया कि AI मानव निर्णय क्षमता का विकल्प नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक कार्यों को आसान, तेज और बेहतर बनाने वाला एक सहायक माध्यम है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर AI सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में AI का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग प्रशासन की कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन समय-समय पर जरूरी है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 7 September 2026, 8:25 PM IST
Topics : AI Workshop AI technology Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) UP Administration Uttar Pradesh News