फर्रुखाबाद के कमालगंज ब्लॉक के नगलाभीका गांव में पंचायत सचिवालय बंद मिलने और कर्मचारियों के नदारद रहने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सचिवालय अक्सर बंद रहता है, जिससे उन्हें सरकारी कामों में परेशानी होती है। परिसर में गंदगी भी फैली मिली। कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।

पंचायत सचिवालय बंद
Farrukhabad: कमालगंज ब्लॉक से एक बार फिर सरकारी सिस्टम की सुस्ती की तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत नगलाभीका में पंचायत सचिवालय पर ताला लटका मिला और जिम्मेदार कर्मचारी मौके से नदारद पाए गए। ऐसे में ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जिससे नाराजगी साफ देखने को मिल रही है।
मामला ब्लॉक कमालगंज के ग्राम पंचायत नगलाभीका का है। जहां पंचायत सहायक और पंचायत सचिव दोनों ही अपने दफ्तर से गायब मिले। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि पंचायत भवन पर ताला लटका हुआ था और अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। यह स्थिति कोई एक दिन की नहीं बल्कि लगातार बनी रहने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही है।
फर्रुखाबाद से अच्छी खबर: नन्हे रोजेदारों का हौसला बढ़ाने पहुंचे हिंदू भाई, गांव में दिखी मिसाल
गांव के शमशाद, असद्दू, नौशाद, बबलू और भंगड़ बख्श जैसे कई ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि पंचायत सचिवालय अक्सर बंद ही रहता है। उनका कहना है कि यहां के कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, जिसके चलते सरकारी योजनाओं से जुड़े काम और जरूरी दस्तावेजों का निपटारा समय पर नहीं हो पाता। लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं फिर भी काम नहीं हो पाता।
सिर्फ अनुपस्थिति ही नहीं, बल्कि सचिवालय परिसर की हालत भी बदहाल नजर आई। चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी। जिससे साफ जाहिर होता है कि यहां नियमित साफ-सफाई और देखरेख नहीं हो रही है। यह स्थिति सरकारी व्यवस्था की लापरवाही को और ज्यादा उजागर करती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। न तो कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है और न ही व्यवस्था में कोई सुधार दिख रहा है।
फर्रुखाबाद के नगलाभीका गांव से सामने आई ये तस्वीरें साफ बता रही हैं कि जमीनी स्तर पर सरकारी व्यवस्था कितनी लचर है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और कब तक ग्रामीणों को राहत मिलती है।