शादी से इनकार पर सनकी युवक का खूनी खेल, नोएडा में एक और हत्या से दहला इलाका

नोएडा के हरौला इलाके में एकतरफा प्यार में सनकी युवक ने लड़की के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। शादी से इनकार और युवती की दूसरी जगह शादी तय होने से आरोपी बौखला गया। हमले में मां की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 25 May 2026, 10:12 AM IST

Noida: नोएडा के सेक्टर-5 हरौला इलाके में शनिवार रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्यार, जुनून और लगातार बढ़ती सनक की कहानी सामने आई है। आरोप है कि एसी सर्विसिंग की दुकान चलाने वाले युवक ने शादी से इनकार किए जाने के बाद लड़की के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मां की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

बड़ी बेटी से शादी करना चाहता था आरोपी

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पीड़ित परिवार की बड़ी बेटी से शादी करना चाहता था। उसने कई बार परिवार के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन हर बार उसे इनकार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वह लगातार परिवार पर दबाव बना रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी कई महीनों से लड़की और उसके परिवार को परेशान कर रहा था। वह कई बार लड़की के साथ मारपीट भी कर चुका था और आए दिन इलाके में हंगामा करता था।

वारदात से पहले बेच दिया दुकान का सामान

आरोपी मूल रूप से बरेली का रहने वाला है। वह पहले किसी अन्य जगह पर दुकान चलाता था और पीड़ित परिवार के पास ही किराये पर रहता था। पिछले साल जनवरी में उसने पीड़ित परिवार के कमरे से करीब 50 मीटर दूर एसी सर्विसिंग की दुकान खोली थी और वहीं रहने लगा था।

Cyber Crime in Noida: पेट्रोल पंप संचालक से 1.80 लाख ठगे, तरीका देख पुलिस के उड़े होश

इलाके के लोगों के मुताबिक शनिवार सुबह उसने अपनी दुकान का पूरा सामान कबाड़ी को बेच दिया था। दुकान के प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टर भी फाड़ दिए थे। उसके पास बाइक और कार थी, लेकिन वारदात के बाद दोनों गायब बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पहले से साजिश रच रहा था और सामान बेचकर रुपये जुटाने के बाद वारदात को अंजाम देकर कार से फरार हो गया।

गांव से लौटने के बाद बढ़ी थी नाराजगी

पड़ोसियों के अनुसार पीड़ित परिवार अप्रैल में गांव गया था और 18 मई को वापस नोएडा लौटा था। इसी दौरान परिवार बड़ी बेटी की शादी कहीं और तय करने की तैयारी कर रहा था। यह बात आरोपी को पता चली तो वह और ज्यादा नाराज रहने लगा। आरोप है कि वारदात से एक-दो दिन पहले से वह परिवार के घर के आसपास ज्यादा चक्कर लगा रहा था।

हालांकि पहले आरोपी और परिवार के बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन बाद में बातचीत बंद हो गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी युवती की पहले तय हुई शादी भी हंगामा कर तुड़वा चुका था।

Crime In Noida: नोएडा में साइबर जालसाजों ने कांग्रेस नेता से लूटे 20000 रुपए ,मामला दर्ज

पीछे के रास्ते से कमरे में घुसा आरोपी

घटना जिस पांच मंजिला मकान में हुई, वहां करीब 100 परिवार किराये पर रहते हैं। लोगों के मुताबिक शनिवार रात आरोपी दीवार के सहारे पड़ोसी मकान की छत पर पहुंचा और वहां से पीछे के रास्ते पीड़ित परिवार के कमरे में घुस गया। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। आरोपी ने अंदर घुसते ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। बताया गया कि परिवार सोने से पहले मेन गेट बंद कर देता था। आरोपी दूसरे गेट से पीछे की ओर से कमरे में दाखिल हुआ था।

पहले भी जा चुका है जेल

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शराब तस्करी समेत कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। वारदात के बाद भी वह काफी देर तक बिल्डिंग में हाथ में चाकू लेकर घूमता रहा और जोर-जोर से चिल्लाता रहा। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

Location :  Noida

Published :  25 May 2026, 9:31 AM IST