हिंदी
घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन (Img: Google)
Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध अब एक बड़े आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। निजी कंपनियों के कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद अब घरेलू सहायिकाएं (मेड्स) भी सड़कों पर उतर आई। मंगलवार को कई इलाकों में विरोध जारी रहा, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें सामने आईं।
सरकार ने सोमवार देर रात न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का ऐलान किया था, लेकिन इसके बावजूद प्रदर्शन थमता नजर नहीं आ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि घोषित बढ़ोतरी उनकी अपेक्षाओं से कम है।
नोएडा के सेक्टर-121 स्थित एक सोसाइटी के बाहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब घरों में काम करने वाली महिलाओं ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह विरोध उग्र हो गया और कुछ महिलाओं द्वारा पथराव किए जाने की खबरें सामने आईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी मजदूरों ने इलाके में तोड़फोड़ की थी, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। वहीं, कुछ घरेलू सहायिकाओं का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और इसमें गर्भवती महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों पर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा है, लेकिन पूरे मामले की जांच की बात जरूर कही गई है।
आज दिनांक 14.04.2026 को नोएडा में चल रहे धरना/प्रदर्शन के दृष्टिगत कमिश्नरेट नोएडा में सुदृढ़ पुलिस व्यवस्थापन किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल एवं वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न स्थलों पर तैनात हैं। क्लियो काउंटी,गढ़ी चौखंडी,सेक्टर-121,सेक्टर-70, का घटना स्थल… pic.twitter.com/2v5rXNos9Z
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) April 14, 2026
कमिश्नरेट नोएडा ने बयान जारी कर कहा कि 14 अप्रैल 2026 को चल रहे प्रदर्शनों को देखते हुए सभी संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सेक्टर-121, सेक्टर-70, गढ़ी चौखंडी और क्लियो काउंटी जैसे इलाकों में वरिष्ठ अधिकारी खुद निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शन अब शांतिपूर्ण है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा घोषित नई मजदूरी दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी, जिसमें अलग-अलग श्रेणियों के कर्मचारियों के वेतन में करीब 3000 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। लेकिन अब घरेलू सहायिकाओं ने भी इसी तर्ज पर अपने वेतन में बढ़ोतरी की मांग तेज कर दी है।
Noida Protest: सेक्टर 64 से 121 तक फिर तनाव, वेतन विवाद पर भड़के श्रमिक
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरों को साझा करने से बचें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Noida
Published : 15 April 2026, 8:42 AM IST