
जल निगम की पाइपलाइन बनी मुसीबत,फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
गोरखपुर: गोला ब्लॉक के खदरा ग्रामसभा के बेलनापार टोले में करीब 200 परिवार पिछले चार माह से शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। जल निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि पाइप से निकलकर पानी सड़क और खेतों में बह रहा है। लगातार रिसाव और वाहनों की आवाजाही से सड़क धंस गई है। इससे ग्रामीणों को पेयजल संकट के साथ आवागमन की समस्या भी झेलनी पड़ रही है। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार विभाग को लंबे समय से बनी इस समस्या की जानकारी तक नहीं थी।
झांसी में किन्नरों का हाई-वोल्टेज ड्रामा, कपड़े उतारकर पुलिस के खिलाफ किया प्रदर्शन
खदरा, रेमा और बेलनापार तीन राजस्व गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम ने रेमा में वाटर हेड टैंक स्थापित किया है। पूर्व प्रधान श्याम बिहारी मिश्र का कहना है कि रेमा और उनके गांव के आधे हिस्से में वाटर सप्लाई शुरू होने के बाद से ही लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है।
बेलनापार निवासी हरी तिवारी के मुताबिक, बर्राह से नेवसा जाने वाली सड़क पर मां सरयू गैस एजेंसी के पास जल निगम के ठेकेदार ने सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन बिछाई थी। आरोप है कि पाइप पर्याप्त गहराई में नहीं दबाई गई। जुलाई में बारिश के दौरान सड़क पार बह रहे पानी से पाइप उखड़ गई। बाद में वाहनों की आवाजाही के कारण पाइप दो हिस्सों में कट गई। अब मोटर चलने के बावजूद बेलनापार तक पानी नहीं पहुंचता और पानी खदरा की तरफ सड़क के उत्तर स्थित खेत में बहने लगता है।
देवघर पहुंची विधानसभा की लोक लेखा समिति, सरकारी खर्च का हिसाब होगा हिसाब-किताब
लगातार पानी बहने से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। पूरब की ओर सड़क के नीचे से गुजर रही दूसरी पाइपलाइन भी सड़क धंसने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। रिसाव के चलते सड़क के दोनों ओर की जमीन दलदली हो गई है। ऐसे में ग्रामीणों ने इस रास्ते से आवागमन बंद कर दिया है। अब गैस एजेंसी पहुंचने के लिए बेलदार नगर से खदरा होकर जाना पड़ रहा है। वहीं, बर्राह जाने के लिए भी गोला-कौड़ीराम मार्ग तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
जल निगम के जेई पंकज कन्नौजिया ने बताया कि उन्हें समस्या की जानकारी नहीं थी। ऑपरेटर को इसकी सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। अब देखना है कि चार माह से परेशान ग्रामीणों को कब राहत मिलती है।
Location : गोरखपुर
Published : 25 October 2026, 4:37 PM IST