नेपाल आपदा ने उजाड़ दिया देवरिया का परिवार, एक ही घर के 3 लोगों की मौत से मचा कोहराम

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा की भयावह तस्वीरों के बीच देवरिया से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। लार थाना क्षेत्र के एक परिवार के तीन सदस्यों की इस त्रासदी में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 1 September 2026, 3:00 AM IST

Deoria: नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने देवरिया के लार थाना क्षेत्र के एक परिवार पर ऐसा कहर बरपाया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लार थाना क्षेत्र के निवासी मुख्तार अहमद, उनकी पत्नी और पुत्र साहिल नेपाल में थे। आपदा की चपेट में आने से तीनों की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे लार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि नेपाल में बड़ी संख्या में लोग इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आए हैं। हजारों परिवारों के आशियाने उजड़ गए और लोगों की वर्षों की मेहनत से अर्जित संपत्ति देखते ही देखते तबाही में बदल गई। इस भयावह मंजर से वापस लौटे जमील अहमद ने आपदा की आंखों देखी कहानी सुनाई तो लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

जमील अहमद भी उस समय आपदा के घेरे में फंस गए थे। हालात इतने भयावह थे कि जान बचाना मुश्किल हो गया था। किसी तरह नेपाल के स्थानीय युवकों ने उनकी मदद की और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद वह नेपाल से भारत लौटे और अपने घर पहुंचे।

घर पहुंच बताया तबाही का मंजर

घर पहुंचने के बाद जमील अहमद ने बताया कि उनकी जिंदगी में उन्होंने ऐसी भयावह और दर्दनाक प्राकृतिक आपदा पहले कभी नहीं देखी। चारों तरफ तबाही का मंजर था। लोगों के घर टूट गए, कई परिवार अपनों से बिछड़ गए और हजारों लोगों की जीवनभर की कमाई प्रकृति की इस मार में तबाह हो गई।

जमील अहमद ने बताया कि उनके पूर्वज वर्ष 1890 के आसपास भारत से नेपाल जाकर व्यवसाय के सिलसिले में बस गए थे। आज भी लार कस्बा क्षेत्र के कई परिवार नेपाल में व्यवसाय और रोजगार के सिलसिले में रह रहे हैं। यही वजह है कि नेपाल में आई इस आपदा की खबर ने लार कस्बा क्षेत्र के लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है।

गाढ़ी कमाई के 50 हजार वापस पाकर छलके आंसू, देवरिया पुलिस की साइबर सेल का बड़ा कारनामा

पैतृक गांव पहुंचे पीड़ित

नेपाल से वापस लौटने के बाद जब जमील अहमद अपने पैतृक गांव पहुंचे तो परिवार और आसपास के लोगों से मिलकर वह भावुक हो गए। आपदा में अपनों को खोने का दर्द उनकी आंखों से छलक पड़ा। वह फूट-फूटकर रोते हुए अपने पाटीदारों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को नेपाल की भयावह स्थिति और अपने साथ बीती घटना के बारे में बताते रहे।

देवरिया में मेडिकल स्टोरों पर औषधि निरीक्षक की छापेमारी, 15 दुकानों की जांच में मिलीं कई खामियां

नेपाल की इस प्राकृतिक आपदा ने न केवल बड़ी संख्या में लोगों की जान ली, बल्कि हजारों परिवारों को बेघर और बेसहारा कर दिया। जिन लोगों ने वर्षों की मेहनत से अपने घर और कारोबार खड़े किए थे, उनकी जमा-पूंजी और जीवनभर की कमाई प्रकृति के कहर में बर्बाद हो गई।

लोगों ने की ये मांग

लार कस्बा क्षेत्र के लोगों ने नेपाल में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद दिए जाने की मांग की है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की जुबान पर नेपाल की इस भयावह प्राकृतिक त्रासदी की चर्चा है। देवरिया से डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट।

Location :  Deoria

Published :  1 September 2026, 3:00 AM IST