Navratri Vaishno Devi Yatra 2026: नवरात्र में कटरा जाना हुआ मुश्किल, ट्रेनें फुल और फ्लाइट बंद, जानें नया रास्ता

नवरात्र में लखनऊ से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राह मुश्किल हो गई है। जम्मू जाने वाली सभी ट्रेनों में सीट फुल होकर 'रिग्रेट' की स्थिति है, जबकि एकमात्र सीधी फ्लाइट भी बंद है। जानिए कैसे चंडीगढ़ रूट से पहुंच सकते हैं कटरा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 October 2026, 12:13 PM IST

Lucknow: रविवार से शुरू हो रहे पावन नवरात्र के अवसर पर मां वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा रखने वाले लखनऊ वासियों के लिए इस बार सफर बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। नवरात्र के दौरान माता के दरबार में शीश झुकाने जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लखनऊ से कटरा (जम्मू) जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों के दरवाजे लगभग बंद हो चुके हैं। ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के बाद अब सीटों पर 'रिग्रेट' (नो बुकिंग) लिख कर आ रहा है, जिससे यात्रियों को साधारण वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है।

बेगमपुरा और हिमगिरी जैसी सभी प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह पैक

लखनऊ होकर माता वैष्णो देवी के धाम कटरा जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस और गाजीपुर सिटी-कटरा एक्सप्रेस जैसी सभी प्रमुख गाड़ियों की स्थिति बेहद चिंताजनक है।

इन ट्रेनों के स्लीपर से लेकर सभी एसी क्लास के कोच में एक भी सीट खाली नहीं है। रेलवे द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनों की सीटें भी पलक झपकते ही भर गईं, जिससे अब यात्रियों के सामने भारी असमंजस की स्थिति बन गई है।

दिल्ली-रेवाड़ी रूट पर 24 ट्रेनें ठप, वंदे भारत और गरीब रथ भी नहीं चलेंगी, देखें पूरी लिस्ट

तत्काल टिकट पर भारी दबाव

ट्रेनों में सामान्य कोटा फुल होने के बाद अब श्रद्धालुओं के पास सिर्फ 'तत्काल बुकिंग' का ही आखिरी विकल्प बचा है। लखनऊ से जम्मू रूट की ट्रेनों में रोजाना करीब 1500 तत्काल सीटें उपलब्ध होती हैं।

हालांकि, ये ट्रेनें हावड़ा, कोलकाता और बिहार जैसे दूसरे राज्यों से बनकर आती हैं, जिसके कारण इन पर यात्रियों का लोड कई गुना ज्यादा रहता है। ऐसे में लखनऊ के यात्रियों को तत्काल कोटा में भी कन्फर्म टिकट मिल पाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।

चंडीगढ़ के रास्ते का नया विकल्प तलाश रहे यात्री

ट्रेनों में जगह न मिलने के अलावा हवाई सफर करने वाले यात्रियों को भी बड़ा झटका लगा है। लखनऊ से जम्मू के लिए संचालित होने वाली एकमात्र सीधी विमान सेवा बीते कई महीनों से पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है।

Indian Railways Special Train: वैष्णो देवी-खाटू श्याम यात्रियों के लिए बड़ा अपडेट, बदलेंगे ट्रेन रूट

ऐसे में श्रद्धालुओं के पास डायरेक्ट हवाई यात्रा का विकल्प भी मौजूद नहीं है। हालांकि, यात्रा विशेषज्ञों का कहना है कि लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए नियमित उड़ानें चालू हैं। जो यात्री जल्दी पहुंचना चाहते हैं, वे चंडीगढ़ तक फ्लाइट से जाकर वहां से सड़क या रेल मार्ग से आसानी से वैष्णो देवी कटरा पहुंच सकते हैं।

Location :  Lucknow

Published :  8 October 2026, 12:13 PM IST