
निष्पक्ष जांच की मांग (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: सोशल मीडिया पर कथित दुष्प्रचार और एक हजार करोड़ रुपये की डील से जुड़े दावों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पदाधिकारियों ने फेसबुक पर पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ भ्रामक एवं अप्रमाणित सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए थाना खालापार में शिकायत दी है। पार्टी के विधिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एडवोकेट तज़क़ीर मुशीर ने दिलशाद कुरैशी और फबी आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों व्यक्तियों द्वारा फेसबुक पर राजनीतिक दलों, उनके राष्ट्रीय नेताओं और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भ्रामक सामग्री साझा की जा रही है। विशेष रूप से एक फेसबुक पोस्ट में उत्तर प्रदेश में भाजपा की ओर से एक हजार करोड़ रुपये की कथित डील किए जाने तथा चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के प्रत्याशी उतारने से संबंधित दावा किया गया था। आरोप है कि फबी आलम ने उक्त पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कथित आर्थिक फंडिंग और वोट कटवाने को लेकर सवाल उठाए। AIMIM पदाधिकारियों का कहना है कि बिना किसी प्रमाण के इस तरह के गंभीर आरोप प्रसारित करने से राजनीतिक दलों और नेताओं की छवि धूमिल होती है तथा आम जनता में भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
AIMIM नगर अध्यक्ष खालिद मलिक ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कुछ लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भ्रामक अखबार की कटिंग तैयार कर उसे एडिट करके पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के निर्देश पर सभी जिलों में विधिक प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जो इस तरह के मामलों पर निगरानी रख रहा है। इसी क्रम में विधिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष के साथ नगर इकाई और पार्टी के अन्य पदाधिकारी खालापार थाने पहुंचे और लिखित तहरीर देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, AIMIM के पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव हाजी दीन मोहम्मद ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ लोग लगातार मजलिस को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जिसमें कृष्णापुरी में दोनों गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की एंट्री बंद करने संबंधी पोस्टर लगाए गए थे। उनके अनुसार, इस मामले में खालापार पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।
शिकायत में पुलिस से संबंधित फेसबुक अकाउंटों की पहचान करने, पोस्ट के मूल स्रोत, यूआरएल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में आरोपों की पुष्टि होने पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 16 November 2026, 3:26 PM IST