Muzaffarnagar Murder Case: रॉकी हत्याकांड में 14 दिन बाद खुला खौफनाक राज, सिर-धड़ अलग कर दफनाने का दावा

मुजफ्फरनगर में 14 दिन से लापता रॉकी मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी मोंटी त्यागी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सिर-धड़ अलग कर शव खेत और झाड़ में फेंकने की बात सामने आई। पत्नी और परिवार पर भी शक गहराया है। जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 10:38 AM IST

Muzaffarnagar: जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव निवासी 36 वर्षीय विकसित उर्फ रॉकी 18 मई से लापता था। वह भोपा क्षेत्र में अपनी पत्नी रेणु, सौतेले बेटे बादल और पुत्रवधू निशा के साथ रह रहा था। रॉकी के अचानक लापता होने के बाद परिजनों में बेचैनी बढ़ गई और कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।

गुमशुदगी के बाद परिजनों ने जताया शक

रॉकी के भाई मुकुल कुमार ने 25 मई को सिखेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि रॉकी को उसकी पत्नी रेणु किसी काम के बहाने अपने साथ लेकर गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

पुलिस जांच और एनकाउंटर में गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कादीपुर गांव के जंगल में एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ मौजूद है। सिखेड़ा और भोपा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान मोंटी त्यागी निवासी मलपुरा थाना भोपा के रूप में हुई।

Muzaffarnagar: नाम बदलकर नाबालिग को ले गया युवक, फिर पुलिस से मुठभेड़ में हुआ बड़ा खुलासा

पूछताछ में सामने आया खौफनाक सच

गिरफ्तार आरोपी मोंटी त्यागी ने पूछताछ में खुलासा किया कि रॉकी का अपहरण कर उसे गोली मारकर हत्या की गई थी। पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर चित्तौड़ा झाड़ में फेंक दिया गया, जबकि धड़ को कादीपुर गांव के खेत में नमक डालकर दफना दिया गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जेसीबी से खुदाई कर शव का धड़ बरामद किया।

पत्नी और परिवार पर भी जांच की आंच

मामले में मृतक की पत्नी रेणु, सौतेले बेटे बादल और पुत्रवधू निशा की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सौतेला बेटा बादल और रॉकी के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसे हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Muzaffarnagar: कूड़े के ढेर में मिली सरकारी दवाइयों की खेप! एक्सपायर और नई दवाएं देखकर उड़ गए स्वास्थ्य विभाग के होश

सूत्रों के अनुसार, मृतक की पत्नी रेणु पर पहले भी अपने पति की हत्या कर संपत्ति हड़पने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। पुलिस इस पूरे एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  2 June 2026, 10:38 AM IST