एक पल में उजड़ गया हंसता-खेलता संसार, मुजफ्फरनगर में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबीं जीवनसाथी की यादें

मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में एक कच्चा मकान गिर गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 July 2026, 3:47 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। जिले के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसी बीच मंसूरपुर थाना क्षेत्र के खानपुर गांव में गुरुवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया, जहां भारी बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।

मलबे में दबने से महिला की मौत

जानकारी के अनुसार, खानपुर गांव की सुभाष कॉलोनी में रहने वाले कृष्ण पाल और उनकी पत्नी सरोज अपने कच्चे मकान में मौजूद थे। देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच मकान की दीवार और छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान सरोज मलबे के नीचे दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कृष्ण पाल घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar: ससुराल में हैवानियत की हदें पार, पांच माह की गर्भवती बहू की संदिग्ध मौत

घटना के बाद मौके पर पहुंचा प्रशासन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबी महिला के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

जलभराव और जर्जर मकान बना हादसे की वजह

ग्राम प्रधान राजीव धनगर के अनुसार, मृतका और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था और काफी समय से जर्जर मकान में रह रहा था। लगातार बारिश के कारण मकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट में पानी भर गया था। जलभराव के चलते मकान की दीवारें कमजोर हो गईं और देर रात छत व दीवार एक साथ गिर गईं, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।उन्होंने बताया कि कॉलोनी के पीछे बने खाली और गहरे प्लॉटों में आसपास के घरों और बारिश का पानी जमा हो जाता है, जिससे हर वर्ष जलभराव की समस्या बनी रहती है।

ये भी पढ़ें: Muzaffarnagar Crime: मुफ्त इलाज और पैसों का लालच, जंगलों के बीच चल रहे इस गंदे खेल का ऐसे हुआ भंडाफोड़

प्रशासन ने आर्थिक सहायता का दिया भरोसा

ग्राम प्रधान ने बताया कि प्रशासन को घटना की सूचना तुरंत दे दी गई थी। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि परिवार को शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक मदद दी जाएगी।

SDM ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

खतौली के उपजिलाधिकारी ललित मिश्रा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिले में जहां भी जलभराव की स्थिति है, वहां प्रशासन, पुलिस और ग्राम विकास विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

लगातार बारिश से बढ़ी लोगों की परेशानी

मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई गांवों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  10 July 2026, 3:47 PM IST