
धर्मांतरण के आरोपों के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Img: Pinterest)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र स्थित फुलत गांव के मदरसा दारुल उलूम रहिमिया से जुड़े धर्मांतरण के आरोपों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मदरसा संचालक मौलाना हफीजुर्रहमान अंसारी और उनके बेटे जुबैर अंसारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस मामले ने उस समय तूल पकड़ा जब योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर जी महाराज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि फुलत गांव स्थित मदरसे में बड़ी संख्या में हिंदू युवक-युवतियों का धर्मांतरण कराया जा रहा है। साथ ही उन्होंने मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग भी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर एलआईयू, आईबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई तथा जांच की जिम्मेदारी एसपी (ग्रामीण) को सौंपी गई। जांच के दौरान फुलत गांव निवासी यूनुस खान की लिखित शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मौलाना हफीजुर्रहमान अंसारी और जुबैर अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351, 352 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम, 2021 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर मिली सूचना के बाद जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट और प्राप्त शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि सीओ बुढ़ाना के नेतृत्व में थाना रतनपुरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच पूरी तरह तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
फुलत गांव पहले भी धर्मांतरण से जुड़े एक चर्चित मामले के कारण सुर्खियों में रह चुका है। कुछ वर्ष पहले गांव के ही एक अन्य मदरसे से जुड़े मौलाना कलीम के खिलाफ भी धर्मांतरण और संदिग्ध गतिविधियों के आरोप लगे थे, जिसके बाद एटीएस ने कार्रवाई की थी। वर्तमान मामले में पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 6 July 2026, 2:49 PM IST