महराजगंज के सिसवा नगरपालिका के वार्ड नंबर 7, चौधरी चरण सिंह वार्ड स्थित चौधरी टोला में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

करंट से मां-बेटे की मौत
Maharajganj:सिसवा नगरपालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर में लगे पानी के मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने से मां और उसे बचाने पहुंचे 17 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
महराजगंज के सिसवा कस्बे के वार्ड नंबर 7, चौधरी चरण सिंह वार्ड के चौधरी टोला में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने… pic.twitter.com/JKqmaKz7Pb
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 3, 2026
वार्ड निवासी किसान रामदेव सिंह शुक्रवार सुबह खेत पर गए थे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे जब वे घर लौटे तो उन्होंने पत्नी रंभा देवी 65को पानी के लिए आवाज लगाई। पिता की पुकार सुनकर घर में पढ़ाई कर रहा सबसे छोटा बेटा अखिलेश 17 मां को बुलाने के लिए किचन की तरफ गया। वहां उसने देखा कि उसकी मां बिजली के मोटर के पास अचेत पड़ी है।
अखिलेश अपनी मां को उठाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा, वह भी मोटर में उतर रहे तेज करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब रामदेव सिंह घर के भीतर गए तो मां-बेटे को बेसुध पड़ा देख उनके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और आनन-फानन में दोनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।