मिर्जापुर : फतहा घाट पर चीख-पुकार! गहरे पानी में डूबे चार किशोर, दो नहीं लौटे घर

मिर्जापुर के फतहा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चार किशोर गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से दो की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 June 2026, 7:04 AM IST

Mirzapur : जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित फतहा घाट पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया। जब गंगा स्नान कर रहे चार किशोर अचानक गहरे पानी में समा गए। घटना शाम करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। किशोरों के डूबने की सूचना मिलते ही घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बचाव के लिए दौड़े लोग, शुरू हुआ रेस्क्यू

घटना को देखते ही स्थानीय लोग और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों किशोरों को बाहर निकाला गया। इनमें दो किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो अन्य किशोरों की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

आरूष और नैतिक की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान 17 साल आरूष पुत्र फिरोज निवासी अर्जुनपुर और नैतिक पुत्र राकेश निवासी सब्जी मंडी, मेट्रो सिटी नई दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ भी भावुक हो उठी।

मिर्जापुर से मुगलसराय तक फैला गांजा नेटवर्क बेनकाब, STF ने पकड़ा बड़ा सप्लायर

मौत की खबर के बाद सड़क पर उतरे परिजन

दो किशोरों की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने एसपी आवास के पास सड़क जाम कर दी। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए। सड़क जाम होने से इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इलाके में मातम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गंगा घाट पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोग घाटों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। दो किशोरों की असमय मौत ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।

Location :  Mirzapur

Published :  16 June 2026, 7:04 AM IST