Mirzapur News: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरे सपाई, मशाल जुलूस से सरकार को दिया बड़ा संदेश

मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मशाल जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 July 2026, 10:03 AM IST

Mirzapur: दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार देर शाम मिर्जापुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर के सुंदरघाट से शुरू हुआ मशाल जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मुकेरी बाजा पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और विपक्ष की आवाज को दबाए जाने के खिलाफ नारेबाजी भी की।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

मशाल जुलूस का नेतृत्व कर रहे युवा नेता आकाश यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और यह राजनीतिक प्रतिशोध की भावना को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई का शांतिपूर्ण लेकिन मजबूती से विरोध करती रहेगी।

'दमन से डरने वाले नहीं हैं कार्यकर्ता'

आकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के दबाव या दमन से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया।

Delhi Fire Tragedy: बंद दरवाजा, धुएं का जाल और आखिरी कोशिश… 8 साल की बच्ची दरवाजे तक पहुंची, लेकिन जिंदगी हार गई

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा जुलूस

सुंदरघाट से शुरू हुआ मशाल जुलूस नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मुकेरी बाजा पहुंचा। पूरे मार्ग पर कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर शांतिपूर्वक मार्च करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मुस्तैद रही। जुलूस के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

क्या कोई भी कर सकता है PM आवास के पास प्रदर्शन? जानें क्यों दिल्ली पुलिस नहीं देती 7 LKM पर प्रदर्शन की इजाजत

कई वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे मौजूद

विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनमें अजय पटेल, जगदीश्वर सिंह, राजकुमार यादव, अनुराग तिवारी, फैज अहमद, कन्हैया कुमार, रवि सोनकर और राम मिलन यादव सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अखिलेश यादव के समर्थन में आवाज उठाई और सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की मांग की।

Location :  Mirzapur

Published :  22 July 2026, 10:03 AM IST