मिर्जापुर हादसे का लाइव सीसीटीवी आया सामने, फुटपाथ पर खड़े अवैध ट्रक ने ली युवक की जान

मिर्जापुर के राजगढ़ में एक रोंगटे खड़े करने वाला हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ। यहां पटेल नगर बाजार में फुटपाथ पर अवैध रूप से खड़े एक डंपर ट्रक में तेज रफ्तार बाइक सवार सीधे जा घुसा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 11:58 AM IST

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर नदी हर बाजार से एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो हर वाहन चालक के होश उड़ा देने वाला है। यह वीडियो बाइक चालकों को सतर्क और सावधान करने के लिए काफी है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे महज 11 सेकंड के भीतर एक तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क किनारे खड़े डंपर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। इस भीषण टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

तेज रफ्तार और बिना हेलमेट के था बाइक सवार

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सड़क के किनारे एक डंपर ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक बाइक सवार, जो अत्यधिक तेज गति में था, डंपर को समय रहते देख नहीं पाया या अपनी गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। लापरवाही की हद यह थी कि युवक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अपनी बाइक को बिल्कुल भी कंट्रोल नहीं कर सका और सीधे डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसा।

Mirzapur: मिर्जापुर में सराफा व्यापारी लूटकांड में बड़ा खुलासा, तीन गिरफ्तार; जानिये कैसे रची थी खौफनाक साजिश?

सड़क पर पसरा सन्नाटा, दहशत में आए अन्य राहगीर

यह हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार के ठीक पीछे चल रहे एक अन्य मोटरसाइकिल चालक ने डर के मारे तुरंत अपनी गाड़ी पर ब्रेक लगा दिया। टक्कर देखकर वह इस कदर सहम गया कि घायल के पास जाने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाया। हालांकि, दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर इकट्ठे हो गए और स्थिति को देखते हुए फौरन स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग

सूचना मिलते ही राजगढ़ थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गई है।

पूरी सड़क खाली, फिर भी हुआ हादसा

सीसीटीवी में कैद तस्वीरों को देखकर यह साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह पूरी घटना बेहद लापरवाही का नतीजा है। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के वक्त पूरी सड़क खाली थी। ऐसी स्थिति में भी इस तरह का भीषण हादसा हो जाना अपने आप में कई बड़े सवाल खड़े करता है। यह घटना दर्शाती है कि किस तरह आज का युवा वर्ग सड़कों पर लापरवाही पूर्वक और अनियंत्रित गति से बाइक चलाता है, जो उनके लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

Mirzapur: देर रात हुई मुठभेड़, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे गौ-तस्करों की हुई घेराबंदी

डंपर चालक की भी बड़ी लापरवाही

इस पूरे हादसे में जहां एक तरफ बाइक सवार की गति जिम्मेदार थी, वहीं दूसरी तरफ डंपर ड्राइवर की भी बड़ी गलती मानी जा रही है। ट्रक को नियम विरुद्ध तरीके से सड़क की पटरी (फुटपाथ) पर खड़ा किया गया था। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर यह ट्रक पटरी से थोड़ी दूर या सही जगह पर खड़ा होता, तो शायद यह दुर्घटना होते-होते टल सकती थी।

Location :  Mirzapur

Published :  2 July 2026, 11:58 AM IST