
महिला ने सीएम से लगाई गुहार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: जनपद के विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर एक महिला ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। माधवी सिंह नामक इस महिला का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कुछ लोगों पर जमीन कब्जाने का आरोप लगा रही हैं। महिला ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
माधवी सिंह, जो सुरेंद्र बहादुर सिंह की पत्नी हैं, ने राजा विजयपुर अनिल प्रताप सिंह पर गुंडों के बल पर उनकी जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि आरोपी किसी पार्टी का बड़ा नेता है जिससे पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
इस मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ अलग तथ्य सामने आए हैं। विंध्याचल के प्रभारी निरीक्षक द्वारा की गई जांच के अनुसार, गैपुरा चौकी क्षेत्र में स्थित राजा विजयपुर अनिल प्रताप सिंह की कोठी की देखरेख उनके मैनेजर राजेंद्र प्रताप सिंह करते हैं। किले परिसर के भीतर सुरेंद्र सिंह पुत्र अयोध्या सिंह का एक मकान और एक विद्यालय भी स्थित है।
नहीं डगमगाया ईमान, ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल
पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2026 को राजेंद्र प्रताप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भीम सिंह द्वारा कथित तौर पर कब्जे की नीयत से टीनशेड गिराया जा रहा है और ट्रैक्टर खड़ा कर अतिक्रमण किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि विवादित भूमि आबादी की जमीन है, जिस पर दोनों पक्ष अपना-अपना स्वामित्व होने का दावा कर रहे हैं।
वहीं राजा अनिल प्रताप सिंह ने आगे कहा कि सुरेंद्र सिंह के परिवार को राज परिवार द्वारा जितनी जमीन दी गई थी, उसी पर उनका मकान बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी ही जमीन पर कब्जा करके उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जो निंदनीय है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को किसी भी प्रकार का नया निर्माण कार्य करने से रोक दिया है। पुलिस ने उन्हें स्वामित्व संबंधी विवाद के समाधान के लिए संबंधित न्यायालय से राहत प्राप्त करने की सलाह भी दी है।
Location : mirzapur
Published : 26 June 2026, 2:26 AM IST