
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक बार फिर धर्म परिवर्तन और निकाह का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। राधाकुंड चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की रहने वाली हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और जबरन धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले के सामने आने के बाद से ही इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस महकमे में भी खलबली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखराई गांव का रहने वाला मुस्ताक खान बीते 18 सितंबर को इस युवती को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने निकाह कर लिया। जब इस बात की भनक युवती के परिजनों और ग्रामीणों को लगी, तो उनमें भारी रोष व्याप्त हो गया। पुलिस प्रशासन द्वारा शुरुआती कार्रवाई में कथित देरी से नाराज होकर परिजन और ग्रामीण सीधे आरोपी के गांव मुखराई पहुंच गए, जिससे वहां हालात तनावपूर्ण हो गए।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हिंदू संगठनों ने भी इस घटना पर कड़ा आक्रोश जताया है और जल्द से जल्द युवती की सकुशल बरामदगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी की पुरजोर मांग की है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि आरोपी मुस्ताक खान की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी के सगे-संबंधियों और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Mathura
Published : 24 September 2026, 1:10 PM IST