
प्रदर्शन
Noida : लोगों ने अपनी जिंदगी की बड़ी कमाई लगाकर सपनों का घर खरीदा था। उम्मीद थी कि हाईराइज सोसाइटी में रहने के बाद परिवार को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित माहौल और आरामदायक जिंदगी मिलेगी। लेकिन कई निवासियों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी उन्हें अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। छुट्टी के दिनों में जब परिवार के साथ समय बिताने की योजना होती है, तब कई लोग अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क सोसाइटी में बड़ी संख्या में निवासियों ने एकजुट होकर सड़क पर उतरे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया। निवासियों ने सोसाइटी की मौजूदा व्यवस्था, खराब रखरखाव और कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
निवासियों का आरोप है कि उन्होंने अपने जीवन की जमा पूंजी लगाकर यहां घर खरीदे, लेकिन अब उन्हें टूटी-फूटी सुविधाओं, खराब रखरखाव और जवाबदेही की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने आरोप लगाया कि करीब तीन वर्षों से कार्यरत AOA की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी है। उनका कहना है कि अमित गुप्ता, सुजीत कुमार, अतुल राय और दिनेश नेगी सहित पदाधिकारियों की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं।
निवासियों ने आरोप लगाया कि बिना उचित चुनाव समिति के चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई, जिसकी निष्पक्षता और वैधता की जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि SDM कोर्ट से जुड़े रिकॉर्ड में भी चुनाव और AOA की स्थिति को लेकर आपत्तियां सामने आई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सोसाइटी के वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। निवासियों की मांग है कि CAM शुल्क से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए और स्वतंत्र वित्तीय लेखा परीक्षा कराया जाए। लोगों ने बताया कि जब रखरखाव व्यवस्था लगातार खराब हो रही है, जगह-जगह प्लास्टर गिरने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं और मूलभूत सुविधाओं में कमी दिखाई दे रही है तो बढ़ते हुए खर्चों का पूरा हिसाब निवासियों को मिलना चाहिए।
Location : Noida
Published : 10 August 2026, 2:11 AM IST