वाराणसी में जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग, खेल मैदान के पास हड़कंप

वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में अनेई स्थित तुलसी दास इंटर कॉलेज के पास जल निगम की पाइपों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये की पाइप जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैलती रही। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 April 2026, 7:07 PM IST

Varanasi: वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अनेई स्थित तुलसी दास इंटर कॉलेज के खेल मैदान के पास रखी जल निगम की पाइपों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि जल निगम विभाग ने यहां कई सालों से बड़ी संख्या में पाइप खुले मैदान में रखी है। आग लगने से लाखों रुपये की पाइप जलकर राख हो गई, जिससे विभाग को भारी नुकसान होने की आशंका है।

खेल मैदान के पास लगी आग से मची अफरा-तफरी

ग्रामीणों के अनुसार, तुलसी दास इंटर कॉलेज के पास स्थित खाली मैदान में बच्चे अक्सर खेलते हैं। इसी मैदान में जल जीवन मिशन योजना के तहत उपयोग होने वाली पाइप रखी गई थीं। बुधवार दोपहर अचानक पाइपों से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घबराकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

वाराणसी में गैस लीकेज से हुआ सिलेंडर विस्फोट, जर्जर मकान गिरा, भाई-बहन की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम

दमकल की टीम पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आग लगने की वजह पर जांच जारी

मौके पर पहुंचे साधोगंज चौकी प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली के तार से निकली चिंगारी मानी जा रही है। हालांकि अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है और मामले की जांच की जा रही है।

जल निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि पाइप लंबे समय से खुले मैदान में रखी थीं और उनका उपयोग समय पर नहीं किया गया। लोगों ने बताया कि यदि पाइपों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाता या जल्द इस्तेमाल किया जाता तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी।

Location :  Varanasi

Published :  22 April 2026, 7:07 PM IST